
कासगंज : मथुरा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। कलेक्ट्रेट के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय महिला कुंती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भाई प्रदीप और महज 27 दिन का नवजात बेटा विराट गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, कुंती मंगलवार को अपने भाई प्रदीप के साथ 27 दिन के बेटे विराट को दवा दिलाने के लिए बाइक से कासगंज आ रही थीं। वे मथुरा-बरेली हाईवे पर कलेक्ट्रेट के सामने पहुंचीं, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि कुंती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार प्रदीप और नवजात विराट गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने कुंती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
कुंती पत्नी निर्दोष मूल रूप से सहावर थाना क्षेत्र के गांव बोंदर की रहने वाली थीं। वह पिछले दो वर्षों से सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में अपने पिता पीतांबर के घर रह रही थीं। उनके पति निर्दोष दिल्ली में मजदूरी करते हैं। बेटे को दवा दिलाने निकली कुंती की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में घायल नवजात की हालत को लेकर भी परिवार चिंतित है।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसा किस वाहन से हुआ और चालक किस दिशा में फरार हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Kasganj
Published : 27 October 2026, 6:44 PM IST