हिंदी
दीक्षा महिला मंडल की खास पहल
Belgaria: बीसीसीएल के दीक्षा महिला मंडल द्वारा पलानी पंचायत अंतर्गत बेलगढ़िया पुनर्वास टाउनशिप में आज एक महत्वपूर्ण सामाजिक सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विशेष रूप से युवतियों और दिव्यांगजनों के उत्थान और सशक्तिकरण को समर्पित था। दीक्षा महिला मंडल लंबे समय से पुनर्वास क्षेत्रों में सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहा है और आज का आयोजन इसी श्रृंखला की एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल ने पुनर्वास क्षेत्र की चार आर्थिक रूप से कमजोर युवतियों को उनके वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक उपयोगी वस्तु भेंट की। इसमें अलमारी, बर्तन, वस्त्र सहित अन्य गृहस्थी सामग्री शामिल थीं। इन उपहारों का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रही इन युवतियों के जीवन की नई शुरुआत को सुदृढ़ और सहज बनाना था। परिवारों ने महिला मंडल की इस संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

इसके अलावा दीक्षा महिला मंडल द्वारा दो दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राई-साइकिलें भी प्रदान की गई। इन ट्राई-साइकिलों से लाभार्थियों को न केवल गतिशीलता में सुविधा मिलेगी, बल्कि वे अधिक आत्मनिर्भरता के साथ अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे। दिव्यांगजनों ने इसे जीवन में एक बड़ा संबल बताते हुए महिला मंडल के प्रति खुशी और कृतज्ञता जताई।

कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा अर्चना अग्रवाल और उपाध्यक्ष पूर्बिता रमैया सहित समिति की सभी सदस्या मौजूद रही हैं। अपने संबोधन में अर्चना अग्रवाल ने कहा, “दीक्षा महिला मंडल सदैव समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सहयोग के लिए तत्पर रहा है। हमारा उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि लोगों में आत्मनिर्भरता और स्वाबलंबन की भावना को बढ़ावा देना है। ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव और मानवीय संवेदना को मजबूत करती हैं।”

कार्यक्रम के उपरांत महिला मंडल के सदस्यों ने बीसीसीएल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत संचालित बहु-कौशल विकास संस्थान-1 (Multi Skill Development Institute-1) का भ्रमण भी किया। यहां उन्होंने माइन इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से बातचीत की। सदस्यों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए करियर निर्माण के लिए प्रेरणादायक सुझाव दिए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Location : Belgaria
Published : 26 November 2025, 5:54 PM IST
Topics : BCCL Belgaria News Diksha Mahila Mandal