Gorakhpur: गोला बाजार में टप्पेबाजों का आतंक, दिनदहाड़े महिला से ऐसे उड़ाए गहने

गोरखपुर के गोला बाजार में ठगों का आतंक है। ठगों ने गुरुवार को एक महिला से दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है

Gorakhpur: जिले के गोला क्षेत्र में टप्पेबाजों ने एक बार फिर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। बीसरा पेट्रोल पंप के पास सरेराह एक महिला के गले और कान से करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण उड़ा लिए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और राहगीरों, खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना गहरा गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता इंदु देवी, पुत्री फूलचंद, मूल रूप से गोला थाना क्षेत्र के झरकटा गांव की निवासी हैं। उनका मायका झरकटा में है, जबकि ससुराल गगहा थाना क्षेत्र के सकरी गांव के पास स्थित है।

गोरखपुर पुलिस ने पकड़ा इनामी बदमाश, कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे, जानें क्या कांड किया था?

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि इंदु देवी चार दिन पूर्व ससुराल से मायके आई थीं और गुरुवार सुबह करीब 9 बजे झरकटा से वापस ससुराल लौट रही थीं। इस दौरान जैसे ही वह गोपालपुर कस्बे से आगे बीसरा पेट्रोल पंप के निकट पहुंचीं, पहले से घात लगाए टप्पेबाजों ने उन्हें निशाना बना लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने झांसा देकर बातचीत में उलझाया और फिर अचानक धक्का-मुक्की के बीच उनके गले से करीब एक लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र, लगभग 40 हजार रुपये की सोने की बाली और करीब 12 हजार रुपये की नाक की कील छीन ली। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि महिला संभल भी नहीं पाईं और आरोपी पलक झपकते ही फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली गोला पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी गोला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान के लिए टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गोरखपुर में रिटायर्ड चिकित्साधिकारी से साइबर ठगी, जालसाजों ने ऐसे किया डिजिटल अरेस्ट

स्थानीय लोगों ने लगाए ये आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में टप्पेबाजी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे आमजन में भय व्याप्त है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन सवाल बरकरार है—आखिर सड़कों पर महिलाएं कब तक असुरक्षित रहेंगी?

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 26 February 2026, 8:51 PM IST

Advertisement
Advertisement