गोरखपुर पुलिस ने पकड़ा इनामी बदमाश, कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे, जानें क्या कांड किया था?

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में लूट के मामले में वांछित चल रहे शातिर अभियुक्त अजय उर्फ मंगरू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Gorakhpur: अपराधियों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के बीच गोरखपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शहर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाला शातिर बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थाना गोला क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में अपराधियों में हड़कंप मच गया है। मामला गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र से जुड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह के नेतृत्व में आरोपी अजय उर्फ मंगरू पुत्र मंदानी निवासी ग्राम देउरबीर थाना गगहा को गिरफ्तार कर लिया।

क्या था पूरा मामला

घटना 14 जनवरी 2026 की है। उस दिन अज्ञात बदमाशों ने वादी की मोटरसाइकिल रोककर उससे मोबाइल फोन, पर्स जिसमें करीब 5000 रुपये नकद थे और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली थी। पीड़ित ने थाना गोला में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए, मुखबिर की सूचना पर काम किया और आखिरकार आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक आधार कार्ड, 560 रुपये नगद और एक इस्तेमाल किया हुआ पर्स बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित साथियों की तलाश भी की जा रही है। टीम उनसे जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

आपराधिक इतिहास ने खोले कई राज

पुलिस जब अजय उर्फ मंगरू का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने लगी तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। उसके खिलाफ थाना कैंट, थाना गगहा और थाना खजनी समेत कई थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 और 2024 में भी वह लूट की घटनाओं में नामजद रहा है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई हो चुकी है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 25 February 2026, 10:55 PM IST

Advertisement
Advertisement