हिंदी
उसरा बाजार-छिरुआ मार्ग की बदहाली (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘गड्ढा मुक्त सड़क’ अभियान के तमाम दावे महज कागजी साबित हो रहे हैं। इसकी बानगी रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के उसरा बाजार से छिरुआ तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की बदहाल तस्वीर साफ बयां कर रही है। बद से बदतर हो चुके इस मार्ग पर चलना अब आम जनता के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि यह सड़क पूरी तरह से गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालात तब और भी खतरनाक हो जाते हैं जब बारिश के दिनों में इन बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाता है। सड़क की खस्ताहाली के कारण दोपहिया वाहन चालक, ई-रिक्शा और साइकिल सवार आए दिन अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें-रामगढ़ताल में दर्दनाक हादसा: स्पीड बोट की टक्कर से युवक की मौत, पिता-पुत्र समेत 2 घायल
यह प्रमुख मार्ग एक दर्जन से अधिक ग्राम सभाओं को आपस में जोड़ता है। इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का दर्द है कि सड़क की इस जर्जर हालत के चलते आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है।
क्षेत्रीय निवासी इष्ट देव मुनी शुक्ल, प्रदीप जायसवाल, नागेंद्र चौहान, महेश प्रताप सिंह, राजन सिंह और पवन मिश्रा समेत तमाम ग्रामीणों में इस व्यवस्था के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि इस मार्ग की मरम्मत को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ-साथ क्षेत्रीय विधायक और सांसद को भी लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिम्मेदारों की इस उदासीनता से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
यह भी पढे़ं- गोरखपुर में साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, म्यूल खाते संचालित करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार भले ही प्रदेश को गड्ढा मुक्त बनाने के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। जनता के मन में अब यही सवाल है कि आखिर कब तक उन्हें अपनी जान हथेली पर रखकर इस रास्ते से गुजरना पड़ेगा। अब यह देखना बेहद दिलचस्प और जरूरी होगा कि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग इस गंभीर समस्या पर कब सुध लेता है और कब इस सड़क का पुनर्निर्माण कराकर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की राहत प्रदान करता है।
Location : Deoria
Published : 27 July 2026, 9:24 AM IST