देवरिया में डबल मर्डर से सनसनी! रामजानकी मार्ग पर दो युवकों की हत्या, पुलिस ने बनाई 3 टीमें

देवरिया में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो युवकों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कीं।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 21 October 2026, 7:56 AM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में राष्ट्रीय रामजानकी मार्ग (एनएच-227ए) पर मंगलवार देर रात दो युवकों की हत्या का मामला सामने आया है। बढ़या हरदो गांव के समीप रात करीब 12 बजे हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के करजहां गांव निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम गांव निवासी विनय यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक घर से मेला देखने जाने की बात कहकर निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

रामजानकी मार्ग पर देर रात मिली दो युवकों की हत्या की सूचना

जानकारी के मुताबिक, वारदात बढ़या हरदो गांव के पास हुई। मृतक वकील यादव, स्वर्गीय राजदेव यादव के पुत्र थे और लार रोड रेलवे स्टेशन पर गेटमैन के पद पर कार्यरत थे। वहीं, विनय यादव स्वर्गीय राम छबीला यादव के पुत्र थे और आवास विकास परिषद में काम करते थे। दोनों के घर से मेला देखने के लिए निकलने की बात सामने आई है। हालांकि, वे घटनास्थल तक कैसे पहुंचे और हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

UP Election 2027: अमेठी में कभी कांग्रेस का राज, अब भाजपा-सपा के बीच सियासी मुकाबला… जानिए पूरा इतिहास

पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन की तहरीर के आधार पर मईल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वारदात से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित

दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का जल्द खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की हैं। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

Location :  Deoria

Published :  21 October 2026, 7:26 AM IST

Advertisement