हिंदी
अदालत
मुजफ्फरनगर: जिले के साल 2013 के दंगों से जुड़े फुगाना आगजनी और लूटपाट के तीन मामलों में अदालत ने फैसला सुनाते हुए 15 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-प्रथम ने अभियोजन पक्ष की ओर से पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जाने और गवाहों के पुराने बयानों से मुकरने के आधार पर आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। इन मुकदमों में एक आरोपी की पहले ही मौत हो चुकी थी।
दरअसल, पूरा मामला साल 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगों से जुड़ा है। दंगे के दौरान फुगाना गांव में घरों में घुसकर लूटपाट, आगजनी और मारपीट किए जाने के आरोप लगे थे। इस मामले में सलीम और उसके भाइयों की शिकायत पर पुलिस ने 21 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाद में जांच एसआईटी को सौंपी गई और जांच के बाद 16 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग आरोपपत्र अदालत में दाखिल किए गए। तीनों मुकदमों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-प्रथम में चल रही थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पांच गवाह पेश किए गए, लेकिन गवाह अदालत में अपने पुराने बयानों से मुकर गए।
मुजफ्फरनगर 2013 दंगा मामले में फुगाना आगजनी और लूटपाट के तीन मुकदमों में कोर्ट का फैसला। फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 15 आरोपियों को किया दोषमुक्त। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के पांच गवाह अपने पुराने बयानों से मुकर गए। #Muzaffarnagar https://t.co/ju3wPfUtE1
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 26, 2026
अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सका। इसके बाद अदालत ने तीनों मुकदमों में सुनवाई करते हुए 15 आरोपियों को संदेह का लाभ देकर दोषमुक्त कर दिया। मामले में आरोपी राजकुमार पुत्र ओमप्रकाश की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी।
मुजफ्फरनगर के अधिवक्ता कुलदीप कुमार की पैरवी को सीएम योगी ने सराहा, बढ़ाया सम्मान
अदालत के इस फैसले के बाद 2013 के दंगों से जुड़े पुराने मामलों की सुनवाई एक बार फिर चर्चा में है। वहीं, अधिवक्ता सौराज सिंह मलिक ने फैसले से जुड़ी कानूनी जानकारी देते हुए बताया कि अभियोजन पक्ष की ओर से आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध नहीं थे। जिसके चलते अदालत ने आरोपियों को बरी किया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 November 2026, 1:49 PM IST
Topics : 2013 Muzaffarnagar Violence Muzaffarnagar Court News Muzaffarnagar Riots 2013 muzaffarnagar news