
कथित ठग से जुड़ा भाजपा विधायक का परिवार (Img: Dynamite News)
Sitapur: कई महिलाओं से कथित तौर पर शादी कर धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार अनूज त्रिवेदी का मामला अब लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस मामले में अब सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने सोशल मीडिया लाइव के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका परिवार भी इस पूरे मामले में धोखे का शिकार हुआ है।
विधायक ने साफ कहा कि अगर जांच में अनूज त्रिवेदी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञान तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024 में उनकी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी का विवाह मिश्रिख निवासी प्रखर त्रिवेदी से पूरे रीति-रिवाज के साथ हुआ था। उन्होंने कहा कि शादी के समय परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि प्रखर त्रिवेदी के पिता अनूज त्रिवेदी पर कई राज्यों में गंभीर आरोप लगे हुए हैं। विधायक का कहना है कि अगर उस समय इन आरोपों की जानकारी होती तो परिस्थितियां अलग होतीं।
ये भी पढ़ें- Budaun News: हाईटेंशन टावर पर लटका मिला युवक का शव, बिजली लाइन कटवाकर उतारा; जांच में जुटी पुलिस
मामले के सामने आने के बाद ज्ञान तिवारी ने कहा कि परिवार ने अनूज त्रिवेदी के परिवार से अपने सभी संबंध खत्म करने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बेटी अब मायके में ही रहेगी। उन्होंने कहा कि इस समय परिवार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बेटी को मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत रखना और उसके भविष्य को सुरक्षित करना है।
विधायक ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। अगर जांच के दौरान उनके दामाद प्रखर त्रिवेदी की किसी भी तरह की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को रिश्ते या पहचान के आधार पर बचाया नहीं जाना चाहिए। जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कदम उठाए जाएं।
ये भी पढ़ें- Maharajganj News: अमृत सरोवर जांच में हंगामा, मृतक बच्चों के परिजनों ने JE को घेरा, अधिकारियों के सामने भड़का गुस्सा
पुलिस और शिकायतों के आधार पर अनूज त्रिवेदी पर महाराष्ट्र, प्रयागराज समेत कई स्थानों पर महिलाओं से कथित तौर पर शादी कर ठगी करने, फर्जी पहचान अपनाने और धोखाधड़ी जैसे आरोप बताए जा रहे हैं। विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि उनका परिवार जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को कानून के अनुसार सजा मिले।
Location : Sitapur
Published : 6 August 2026, 8:40 PM IST