Tech News: फोन कवर में नोट और कार्ड रखना पड़ सकता है जानलेवा, एक्सपर्ट्स ने दी चेतावनी

मोबाइल कवर में नोट और कार्ड रखना एक आम आदत है, लेकिन यह जानलेवा साबित हो सकती है। इससे फोन में ओवरहीटिंग, आग या ब्लास्ट जैसी घटनाएं हो सकती हैं। एक्सपर्ट्स इसे तुरंत छोड़ने की सलाह दे रहे हैं।

Updated : 18 August 2025, 12:29 PM IST
google-preferred

New Delhi: आज के डिजिटल युग में स्मार्टफोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। फोन से बैंकिंग, ऑनलाइन शॉपिंग, डिजिटल पेमेंट और सोशल मीडिया का सारा काम संभव है। इसी सुविधाजनक जीवनशैली में लोग अक्सर एक गंभीर गलती कर बैठते हैं- फोन के कवर में नोट और एटीएम/क्रेडिट कार्ड रखना। यह आदत न केवल आपके स्मार्टफोन को नुकसान पहुंचा सकती है, बल्कि आपकी जान के लिए भी खतरा बन सकती है।

विशेषज्ञों और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह आदत ओवरहीटिंग, आग लगने और यहां तक कि बैटरी फटने जैसे खतरनाक हादसों को जन्म दे सकती है। इसलिए यदि आप भी अपने फोन कवर में नकदी या कार्ड रखते हैं, तो अब सतर्क होने का समय आ गया है।

कैसे होता है ये खतरनाक?

1. ओवरहीटिंग और आग लगने का खतरा

जब स्मार्टफोन को लंबे समय तक इस्तेमाल किया जाता है, या चार्जिंग के दौरान उसे ऑपरेट किया जाता है, तो डिवाइस का तापमान तेजी से बढ़ता है। यदि फोन के कवर में नोट या कार्ड रखे हों, तो वे हीट को बाहर निकलने से रोकते हैं। यह बंद ताप वातावरण फोन की बैटरी और प्रोसेसर पर दबाव बढ़ा देता है, जिससे फोन में आग लगने या बैटरी ब्लास्ट होने की आशंका बढ़ जाती है।

2. कार्ड्स पर मैग्नेटिक फील्ड का असर

स्मार्टफोन में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होते हैं जो मैग्नेटिक फील्ड उत्पन्न करते हैं, खासकर वायरलेस चार्जिंग या NFC जैसी तकनीकों में। यह फील्ड आपके डेबिट/क्रेडिट कार्ड के मैग्नेटिक स्ट्रिप को नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे कार्ड अमान्य हो सकता है और आपको आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

Phone Blast Alert

स्मार्टफोन ब्लास्ट का कारण

3. नोट्स पर मौजूद केमिकल्स से खतरा

करेंसी नोट्स पर कई प्रकार के केमिकल्स और रंग होते हैं जो गर्मी को अवशोषित कर सकते हैं, लेकिन बाहर निकलने नहीं देते। ये केमिकल्स फोन के तापमान को और बढ़ा देते हैं और फायर हज़ार्ड की स्थिति बना सकते हैं।

4. नकली या लोकल मोबाइल कवर से बढ़ता खतरा

अधिकतर लोग फोन की सुरक्षा के लिए लोकल या सस्ते मोबाइल कवर का इस्तेमाल करते हैं जो न तो गर्मी को बाहर निकलने देते हैं और न ही कोई सुरक्षा स्टैंडर्ड फॉलो करते हैं। इससे फोन के अंदर का तापमान नियंत्रण से बाहर हो सकता है और विस्फोट या आग जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

क्या है सुरक्षित उपाय?

विशेषज्ञों की सलाह है कि नोट और कार्ड रखने के लिए हमेशा अलग वॉलेट या कार्ड होल्डर का उपयोग करें। मोबाइल कवर में केवल फोन को ही रखें और चार्जिंग के समय फोन को बिना कवर के रखें। इसके अलावा, हमेशा अच्छी गुणवत्ता के ब्रांडेड कवर का ही प्रयोग करें, जो गर्मी को ठीक से बाहर निकालने में सक्षम हो।

Location :  New Delhi

Published :  18 August 2025, 12:29 PM IST

Advertisement