Pocket Money: बच्चे को जेब खर्च कब और कितना दें? हर अभिभावक की इस सवाल का यहां पाएं जवाब

डीएन ब्यूरो

बच्चों को जेब खर्च (पॉकेट मनी) देना परिवारों के लिए वास्तव में एक चुनौतीपूर्ण निर्णय हो सकता है। यह सवाल उठाता है कि बच्चों को जेब खर्च देना कब शुरू करना चाहिए और कितना देना चाहिए। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

प्रतीकात्मक चित्र
प्रतीकात्मक चित्र


गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया): बच्चों को जेब खर्च (पॉकेट मनी) देना परिवारों के लिए वास्तव में एक चुनौतीपूर्ण निर्णय हो सकता है। यह सवाल उठाता है कि बच्चों को जेब खर्च देना कब शुरू करना चाहिए और कितना देना चाहिए। एक अहम सवाल यह भी है कि क्या बच्चों को घरेलू कामकाज करने के ऐवज में जेब खर्च देना चाहिए।

एक वित्त शोधकर्ता और अभिभावक के रूप में, जेब खर्च को एक शैक्षिक अवसर के रूप में देखना भी महत्वपूर्ण है। आप इसका उपयोग बच्चों को सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने, सार्थक लक्ष्य निर्धारित करने और खर्च के दौरान जिम्मेदारी भरा रवैया अपनाने की आदतें विकसित करने के लिए कर सकते हैं।

यहां बताया गया है कि आप इस संबंध में कैसे उचित निर्णय ले सकते हैं।

आपको कब शुरू करना चाहिए?

जेब खर्च के लिए कोई ‘‘सही उम्र’’ नहीं है, लेकिन जब बच्चे स्कूल जाना शुरू करते हैं और जोड़ना व घटाना सीखना शुरू करते हैं, तो आप उन्हें जेब खर्च के रूप में थोड़े पैसे देने पर विचार कर सकते हैं।

इसका मतलब है कि आपका बच्चा इतना बड़ा हो जाएगा कि वह बचत और खर्च जैसी अवधारणाओं को समझना शुरू कर देगा।

जैसे-जैसे आपका बच्चा बड़ा होता है, आप बुनियादी अंकगणित से आगे बढ़ सकते हैं और पता लगा सकते हैं कि आपका बच्चा गणित में क्या सीख रहा है।

जेब खर्च कितना होना चाहिए?

आप बच्चे को कितना जेब खर्च देते हैं यह आपकी पारिवारिक और वित्तीय स्थिति पर निर्भर करेगा।

एक उपयोगी प्रारंभिक बिंदु यह पता लगाना है कि जेब खर्च का उपयोग किस लिए किया जाएगा। क्या यह बस आपके बच्चे को खर्च करने में थोड़ी स्वायत्तता देने के लिए है (उदाहरण के लिए, कैंटीन से मनपसंद आइसक्रीम खरीदना)? क्या यह किसी विशेष चीज के लिए बचत करने का प्रयास है? या क्या इसका उपयोग मनोरंजन, कपड़ों या गैजेट खरीदने के लिए किया जाना है?

एक लंबे समय से चला आ रहा नियम यह है कि आपके बच्चे की उम्र के आधार पर प्रति सप्ताह एक डॉलर दिया जाता है (इसलिए पांच साल के बच्चे के लिए पांच अमेरिकी डॉलर), लेकिन निश्चित रूप से जेब खर्च को बच्चे की उम्र से जोड़ना आज की आर्थिक परिस्थितियों से मेल नहीं खा सकता है। तीन साल पहले की तुलना में आज 10 अमेरिकी डॉलर में बहुत कम खरीदारी होती है।

जेब खर्च तय करते समय निःसंदेह आपको अपने घरेलू बजट को भी ध्यान में रखना चाहिए।

जेब खर्च नकद दें या ऑनलाइन?

जब आपका बच्चा छोटा होता है, तो उसे नकद में जेब खर्च देना उसे पैसे को समझने में मदद करने का एक अच्छा तरीका है। यह कुछ ऐसा है जिसे वे देख सकते हैं और अपने हाथों में पकड़ सकते हैं।

जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ती है और रकम बड़ी हो जाती है, ऑनलाइन माध्यम से अधिक सुविधाजनक होगा और यह उनमें पैसे का ऑनलाइन लेखा-जोखा रखने की समझ विकसित करने में मददगार होगा।

जेबखर्च को कामकाज से जोड़ने के बारे में क्या ख्याल है?

कई माता-पिता काम के बदले जेब खर्च देना पसंद करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे उनके बच्चों में काम करने की आदत विकसित होगी और उनमें यह विचार पनप सकता है कि बिना कुछ किए पैसे नहीं मिलते।

यदि आप जेब खर्च को काम के बदले दे रहे हैं, तो इस बारे में बहुत स्पष्ट रहें कि किस काम के लिए कितने पैसे दिए जाएंगे और कब कामों की समीक्षा करने की आवश्यकता है।










संबंधित समाचार