Weather Alert: इन राज्यों में 10 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी, जानिए अपने इलाके के मौसम का हाल

डीएन ब्यूरो

दक्षिणी भारत में बारिश के बाद अब मानसून धीरे-धीरे महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना है। जानिए कैसा रहेगा आपके राज्य में मौसम का हाल डाइनामाइट न्यूज़ पर

(फाइल फोटो)
(फाइल फोटो)


नई दिल्लीः दक्षिणी भारत के बाद अब मानसून महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून और आगे बढ़ते हुए अपनी सामान्य तिथि से चार दिन बाद पूरे पूर्वोत्तर भारत में पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र के तीस प्रतिशत हिस्से को कवर करते हुए रायगढ़ और पुणे जिले में दस्तक दे दिया। रात से इन जिलों में बारिश हो रही है।  मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के अगले हफ्ते तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। 15 जून तक यह मध्य और पूर्वोत्तर भारत में भी सक्रिय हो जाएगा। मध्य प्रदेश, गुजरात और राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब उत्तर प्रदेश में 20 जून के बाद मानसून पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई है। 

अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना नजर आ रही है। 

लक्षद्वीप, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, रायलसीमा, तेलंगाना, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को गर्मी महसूस की गयी और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।










संबंधित समाचार