हमनें भारत की खेल संस्कृति को बदल दिया है: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत में पूरे खेल पारिस्थितिकी तंत्र को बदल दिया है जिससे देश में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित हो रही है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 5 January 2024, 4:31 PM IST
google-preferred

दीव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत में पूरे खेल पारिस्थितिकी तंत्र को बदल दिया है जिससे देश में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित हो रही है।

केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के हिस्से दीव के घोघला समुद्र तट पर आयोजित ‘बीच गेम्स 2024’ के उद्घाटन समारोह में एक अधिकारी ने प्रधानमंत्री का संदेश पढ़ा।

मोदी ने अपने पत्र में कहा, ‘‘किसी भी देश की प्रगति अक्सर खेलों में उसके प्रदर्शन से झलकती है इसलिए भारत में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित होते देखना खुशी की बात है। हमारे खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में उत्कृष्टता के माध्यम से देश को गौरवांवित कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा ‘‘पिछले दशक में हमने खेल के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को बदल दिया है। चाहे वह छोटे शहरों और कस्बों से खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें अवसर प्रदान करना हो या आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे का निर्माण करना हो। इसके अलावा पिछले कुछ वर्षों में खेलों में भारतीय युवाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।’’

दीव में आयोजित बीच गेम्स 2024 पर खुशी व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि यह पहली बार है कि भारत में कई प्रतियोगिताओं के बीच गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री का संदेश आईएएस अधिकारी अमित सिंगला ने पढ़ा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि 20 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,200 से अधिक प्रतिभागी सात दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों में आठ खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। खेल 11 जनवरी को समाप्त होंगे।

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र भारत में विश्व बीच खेलों के आयोजन की योजना बना रहा है।

ठाकुर ने कहा कि बीच खेलों के कारण आने वाले वर्षों में दीव में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और अगले 10 वर्षों में इस आयोजन के कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या पांच गुना बढ़ जाएगी।

खेल मंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में मदद के लिए केंद्र ने देश भर में 1,000 ‘खेलो इंडिया केंद्र’ बनाने का फैसला किया है और ये सभी इस साल मार्च से पहले तैयार हो जाएंगे।

Published : 
  • 5 January 2024, 4:31 PM IST

Related News

No related posts found.