हिंदी
नई दिल्लीः इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में कुलपति प्रो. प्रकाशमणि त्रिपाठी के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर विश्वविद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति प्रो. सी.डी. सिंह सम्मिलित रहे।
इस मौके पर कुलपति प्रो. प्रकाशमणि त्रिपाठी ने कहा कि आज के दिन को विश्वविद्यालय परिवार ने इस आत्मीय आयोजन द्वारा महत्वपूर्ण बना दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को हमेशा ज्ञान की दिशा सदैव सकारात्मक होनी चाहिए। सभी दिशाओं से शुभ विचार आते रहने चाहिए। शिक्षक वही बनता है जिसे ईश्वर पसंद करता है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य बनाने का कार्य शिक्षक ही करता है। आप सदैव अपने कर्म पथ पर अग्रसर रहें और प्रतिकूल परिस्थिति आने पर भी कोशिश करते रहें। उन्होंने कहा कि अकादमिक विकास यात्रा के चार सोपान होते हैं, अनुमान, ध्यान, ज्ञान और अनुसंधान। विश्वविद्यालय ज्ञान एवं अनुसंधान के लिए जाने जाते है। मेरा लक्ष्य विश्वविद्यालय को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में स्थापित करने का है।
विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति प्रो. सी.डी. सिंह ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय की स्थापना में आई समस्याओं और उनके समाधान के कई अनुभव साझा किये। उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रसन्नता दिवस है और विश्वविद्यालय की प्रगति देख आनंद होता है। उन्होंने कुलपति प्रो. प्रकाश मणि त्रिपाठी को अपने लक्ष्यों को पूर्ण करने की शुभकामनायें दी।
विश्वविद्यालय की प्रथम महिला शीला त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय परिवार को इस शुभ अवसर पर शुभकामनायें प्रदान करते हुए कहा कि आपका प्यार सम्मान देखकर मैं अभिभूत हूँ। हम सभी एक परिवार की तरह विश्वविद्यालय की प्रगति में समान रूप से भागीदार बने और सदैव सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ें।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक निदेशक प्रो. आलोक श्रोत्रिय ने कहा कि प्रो. सी.डी. सिंह ने जो बीज रोपित किया वह पुष्पित-पल्लिवत हो रहा है। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोभूमिनाथ त्रिपाठी, ने कहा कि कुलपति महोदय का सरल, सहज व सकारात्मक स्वभाव हमें सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है आपका धैर्य अनुकरणीय है। प्रो. ए.के. शुक्ला, संकायाध्यक्ष, प्रो. संध्या गिहर, संकायाध्यक्ष, शिक्षा विभाग, सहायक कुलसचिव डॉ. संजीव सिंह ने भी अपने उद्गार व्यक्त किये।

इस मौके पर प्रातः 09 बजे विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा मोटरसाइकिल पर कोविड-19 के लिए जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी की एक वर्षीय यात्रा पर आधारित एक वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के समन्यवयक प्रो. राकेश सिंह, संकायाध्यक्ष सामाजिक विज्ञान थे उन्होंने अपने स्वागत भाषण में उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना और विकास यात्रा के रोचक अनुभव साझा किये। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राघवेन्द्र मिश्रा सह-प्राध्यापक, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने किया आभार डॉ. देवेन्द्र सिंह सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग ने व्यक्त किया।
Published : 8 December 2020, 11:37 AM IST
Topics : Indira Gandhi University इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय इन्दिरा गांधी विश्वविद्यालय कुलपति प्रो प्रकाशमणि त्रिपाठी
No related posts found.