हिंदी
उतरौला(बलरामपुर): जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर भ्रमण के दौरान उतरौला वासियों से उनकी मूलभूत समस्याओं के बारे में जाना। दोनों अधिाकरियों ने जनसमस्याओं की सुनवाई कर जनता को शीघ्र इनके समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों को अचानक अपने बीच पाकर उतरौला वासी काफी प्रसन्न नजर आये। अधिकारियों ने इस मौके पर लोगों से ईद के त्यौहार को बड़े ही हर्षोउल्लास के साथ मनाने और शांति व्यवस्था बनाये रखने की भी अपील की।
जिलाधिकारी करुणा करुणेश और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मंगलवार की देर शाम नगर भ्रमण पर थे। इस दौरान उन्होंने उतरौला कस्बा वासियों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी भरत लाल सरोज, कोतवाल संतोष कुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने अपने लाव लश्कर के साथ कोतवाली परिसर से निकलकर उतरौला बाजार के मुख्य मार्ग से गुजरते हुए निकट डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहा, रजा मस्जिद, बस स्टेशन, हाटनरोड तिराहा, जामा मस्जिद, ज्वाला महारानी मंदिर, गोण्डा मोड़ तिराहा, बरदही बाजार सहित तमाम भीड़-भाड वाले जगहों पर रुक-रुककर नगर वासियों से उनकी मूलभूत समस्याओं के बारे में पूछा और जानकारी को साझा किया।
जनता ने भी खुले मन से अधिाकरियों को उतरौला नगर में जर्जर तारों से हो रही बाधित विद्युत आपूर्ति, नगर की साफ-सफाई की अव्यवस्था के बारे में बताया। जिला अधिकारी करुणा करुणेश ने नगर वासियों को भरोसा दिया कि उनकी समस्याओं के निदान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Published : 13 June 2018, 1:36 PM IST
Topics : ईद उतरौला जिलाधिकारी पुलिसअधीक्षक बलरामपुर समस्याएं
No related posts found.