हिंदी
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला कारागार में वर्चस्व के लिए सोनू सिंह और मंगेश यादव गुट के बंदियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना शनिवार की सुबह उस समय हुई जब दोनों गुटों के लोग खाना लेने के लिए लाइन में लगे थे। अचानक आपस में कहासुनी होने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में दो बंदी रक्षक समेत कुल 15 लोग घायल हो गए हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे सभी बंदी खाना लेने के लिए कतार में थे। इस दौरान सोनू सिंह और मंगेश यादव गुट के बंदियों ने पहले खाना लेने के लिए एक-दूसरे को पीछे धकेलना शुरू कर दिया, जिसके चलते झगड़ा उत्पन्न हो गया। दोनों गुटों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें बंदी रक्षक आशुतोष चतुर्वेदी और जेल गार्ड जय प्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। झगड़े में शामिल अन्य बंदियों को भी चोटें आईं, जिससे कुल 15 लोग घायल हो गए। घायलों में 13 बंदी और दो बंदी रक्षक शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए कार्रवाई की। रविवार की सुबह डीएम और एसपी जिले की जेल का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद दोनों गुटों के बंदियों को अलग-अलग बैरकों में रख दिया गया है ताकि आगे कोई और विवाद न हो। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हिंसा में शामिल छह बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर और गाजीपुर की जेलों में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जेल में सोनू सिंह गुट के 12 और मंगेश यादव गुट के 23 बंदी बंद हैं। लंबे समय से दोनों गुटों के बीच वर्चस्व का विवाद चल रहा था। जेल अधीक्षक डॉ. विनय कुमार द्विवेदी ने कहा, मारपीट वर्चस्व को लेकर हुई थी। घायलों का इलाज जेल अस्पताल में हो रहा है। इस घटना के बाद जेल के बाहर भी पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और बंदियों के परिवारों पर नजर रखी जा रही है ताकि गैंगवार की संभावना को टाला जा सके।
जिला कारागार में हुई इस हिंसक घटना ने पुलिस एवं प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। इस मामले में आगे की कार्रवाई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
Published : 24 March 2025, 12:33 PM IST
Topics : Dynamite News fighting in jaunpur jail jail guard injured Jaunpur jail jaunpur news letest news Mangesh Yadav groups Sonu Singh UP News