हिंदी
बुंदेलखंड: योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद आज पहली बार बुंदेलखंड के दौरे पर पहुंचे हैं। योगी झांसी के पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरते ही सबसे पहले जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे और वहां के डॉक्टरों से बातचीत की।

जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने के दौरान सीएम योगी ने सभी वार्डों का दौरा किया और मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।
अस्पताल के निरीक्षण के बाद सीएम योगी बुंदेलखंड में गेहूं की गल्ला मंडी पहुंचे जहां उन्होंने कई कमी पाए जाने पर अधिकारियों को जमकर लताड़ भी लगाई।
जानकारी के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ बुदेंलखंड में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ तालाबों का निरीक्षण भी करेंगे जहां सीएम योगी पीने के पानी के संकट पर बड़ा फैसला ले सकते हैं।
गौरतलब है कि बुंदेलखंड में पिछले कई सालों से सूखे की समस्या है। बुंदेलखंड में कुल 13 जिले हैं जिसमें से सात जिले उत्तर प्रदेश में और छह जिले मध्य प्रदेश में हैं। विधानसभा चुनावों में बीजेपी को बुंदेलखंड की सभी 19 सीटें मिली थीं।
Published : 20 April 2017, 12:13 PM IST
Topics : अस्पताल उत्तर प्रदेश उपमुख्यमंत्री डॉक्टर्स निरीक्षण बुंदेलखंड मुख्यमंत्री यूपी योगी आदित्यनाथ
No related posts found.