

आप भी उत्तराखंड में शांति और प्रकृति के करीब कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो आपको खुर्पाताल झील जरूर घूमनी चाहिए। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट
उत्तराखंड: देवभूमि के नाम से मशहूर उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और अद्भुत झीलों के लिए मशहूर है। यहां की घाटियां, पहाड़ और झीलें पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। लेकिन आजकल उत्तराखंड की कई जगहों पर भीड़ और शोर बढ़ गया है।
जिससे शांति की तलाश में आने वाले लोग थोड़े निराश हो जाते हैं। अगर आप भी उत्तराखंड में शांति और प्रकृति के करीब कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो आपको खुर्पाताल झील जरूर घूमनी चाहिए। यह झील नैनीताल से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है और यहां की शांति और खूबसूरती आपको दिल से सुकून दे सकती है।
शांति और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर
खुर्पाताल झील जो अपनी शांति और सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, नैनीताल के करीब स्थित एक शांतिपूर्ण स्थल है। यहाँ के वातावरण में कोई शोरगुल नहीं होता और यह जगह अपने आप में एक अद्भुत शांति का अनुभव कराती है। यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं और शहर की हलचल से दूर रहना चाहते हैं, तो खुर्पाताल झील आपके लिए आदर्श स्थल हो सकती है। झील के किनारे बिता समय आपके सभी तनाव को दूर कर सकता है और आपको एक अलग ही मानसिक शांति का अहसास करा सकता है।
रंग बदलने वाली झील
खुर्पाताल झील की सबसे खास बात यह है कि इसका रंग समय-समय पर बदलता रहता है। क्या आप जानते हैं इसके पीछे का कारण? दरअसल, इस झील में पाए जाने वाले शैवाल के कारण इसका पानी रंग बदलता रहता है। कभी यह हल्का हरा नजर आता है तो कभी यह लाल रंग में परिवर्तित हो जाता है।
यह झील घोड़े के खुर के आकार में है, और इसका दृश्य इतना आकर्षक है कि आप इसे देखते ही रह जाएंगे। चारों ओर से पहाड़ों से घिरी यह झील न केवल अपनी सुंदरता के लिए बल्कि अपने रंग-बदलते पानी के लिए भी जानी जाती है।
बोटिंग और एडवेंचर का अनुभव
खुर्पाताल झील न केवल अपने शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यहां पर बोटिंग करने का भी अनुभव लिया जा सकता है। इस झील का साफ और नीला पानी पर्यटकों को आकर्षित करता है। इसके अलावा अगर आपको एडवेंचर एक्टिविटीज़ पसंद हैं, तो आप यहां ट्रैकिंग और हाइकिंग जैसी गतिविधियों का भी आनंद ले सकते हैं।
गर्मी के मौसम में इस झील की सैर करना एक बेहतरीन अनुभव हो सकता है क्योंकि इस समय का मौसम खुर्पाताल झील को एक्सप्लोर करने के लिए परफेक्ट होता है।