
गोरखपुर: बिहार से मुंबई जा रहे एक दंपति को चोरी के आरोप में ट्रेन से उतारकर लूटने की कोशिश करने के आरोप में एक सिपाही को गिरफ्तार किया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के रहने वाले सौरभ विश्वास अपनी पत्नी के साथ बिहार से मुंबई जा रहे थे। ट्रेन में एक पुलिसकर्मी ने उन्हें चोरी का आरोप लगाकर उतार लिया। पुलिसकर्मी ने सौरभ को धमकाकर गोरखनाथ थाने में उतार दिया, जबकि उनकी पत्नी को स्पोर्ट्स कॉलेज के पास ले जाकर गहने लूटने की कोशिश की।
पुलिस की तत्परता से बची महिला
महिला को अकेला पाकर सिपाही ने लूटने की कोशिश की, लेकिन महिला के शोर मचाने और पुलिस की तत्परता के चलते सिपाही भागने पर मजबूर हो गया।
आरोपी सिपाही गिरफ्तार
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में उसके पास से दो आधार कार्ड भी मिले हैं, जिसके चलते उस पर जालसाजी का भी मामला दर्ज किया गया है।
महिला इतनी डरी हुई है कि बयान देने को तैयार नहीं
पुलिस ने दंपति से संपर्क कर महिला से बातचीत की है। दोनों को बयान देने के लिए पुलिस ने बुलाया है, लेकिन महिला इतनी डरी है कि वह आने को तैयार ही नहीं है। पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश कर रही है।
सिपाही के पास से मिले दो आधार कार्ड
आरोपी सिपाही अभिषेक यादव के पास से दो आधार कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और जालसाजी की धारा भी बढ़ा दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपित ने दो आधार कार्ड क्यों बनवाया था।
पहले भी पुलिसकर्मियों पर लग चुके हैं गंभीर आरोप
अप्रैल 2023 में 50 लाख रुपये के साथ तत्कालीन बेनीगंज चौकी इंचार्ज आलोक सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जगदीशपुर चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाहियों पर वसूली का आरोप लगा था। रामनगर कड़जहां चौकी इंचार्ज पर भी केस दर्ज हो चुका है।इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Published : 5 February 2025, 5:11 PM IST
Topics : bihar couple Dynamite News Gorakhpur Gorakhpur News News Dynamite Police constable theft Train