Lok Sabha Election: अमेठी से लोक सभा चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी, जानिये यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के ये बड़े ऐलान

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2024 का आम चुनाव राज्य के अमेठी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से लड़ेंगे। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 18 August 2023, 7:02 PM IST
google-preferred

वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2024 का आम चुनाव राज्य के अमेठी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से लड़ेंगे।

प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाये जाने के बाद अजय राय पहली बार अपने गृह वाराणसी पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों एवं फूल-माला के साथ उनका स्वागत किया।

संवादाताओं के यह पूछे जाने पर कि क्या 2024 में राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे, राय ने कहा, 'राहुल निश्चित रूप से अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, अमेठी के लोग यहां उपस्थित हैं।'

प्रियंका गांधी वाद्रा के बारे में प्रदेश अध्‍यक्ष ने जोर देकर कहा, 'वह जहां से भी चुनाव लड़ेंगी, चाहे बनारस से, यहां का एक-एक कार्यकर्ता उनके लिए जान लड़ा देगा। हम उनका पूरा समर्थन करेंगे।''

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से दो बार (2014 एवं 2019 में) कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके राय को दलित नेता बृजलाल खाबरी की जगह तत्काल प्रभाव से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी नियुक्ति नरेंद्र मोदी के खिलाफ दो बार चुनाव लड़ने का इनाम है, उन्होंने कहा, 'यह मेरे लगातार संघर्ष का नतीजा है। जेल (की सजा) किसने काटी, रासुका किसने झेला, हर मुद्दे पर इनकी (भाजपा) गलती कौन उजागर कर रहा है, वो अजय राय कर रहा है, अजय राय राहुल गांधी का 'सिपाही' है। भाजपा के खिलाफ पूरे प्रदेश में लड़ाई लड़ी जाएगी।”

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक अमेठी से 2019 के आम चुनाव में राहुल गांधी के मुकाबले जीत दर्ज करने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा, ‘‘वह बौखलाई हुई हैं। स्मृति ने कहा था कि कमल का बटन दबाइये 13 रुपये किलो चीनी मिलेगी, क्या वे दिलवा पायी। अमेठी के लोग यहां हैं, उनसे पूछें। उन्हें (ईरानी) जवाब देना चाहिए कि 13 रुपये किलो चीनी कहां गई।'

उन्‍होंने कहा, ‘‘इस प्रदेश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी, महंगाई के साथ ही लोगों को डराकर अपने साथ लेने का है। ये लोग (भाजपा) ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) का डर दिखा कर माहौल अपने पक्ष में करने का काम कर रहें हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘बूथ स्तर के कार्यकर्ता और गांव-टोलों के कार्यकर्ता यहां खड़े हैं, कांग्रेस हर गांव में भाजपा को हराएगी, यह बिगुल बाबा विश्वनाथ और महादेव की धरती से बजा है। न केवल 2024 में, बल्कि भविष्य के सभी चुनावों में कांग्रेस पार्टी का झंडा लहराएगा।’’

राय ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी ने उनके ऊपर जो भरोसा किया है, उस पर वह खरा उतरेंगे।

राय 1996-2017 के बीच लगभग 20 वर्षों तक विधानसभा के सदस्य रहे और कांग्रेस में शामिल होने से पहले वह भाजपा और सपा में थे।

Published : 
  • 18 August 2023, 7:02 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement