Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र से पहुंची मध्य प्रदेश, बंजारा नृत्य के साथ स्वागत, जानिये ये अपडेट

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने आज सुबह महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया। यात्रा चार दिसंबर तक इस राज्य में रहेगी और आगरमालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी।

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा ने मध्य प्रदेश में किया प्रवेश
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा ने मध्य प्रदेश में किया प्रवेश


बुरहानपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने आज सुबह महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया। यात्रा चार दिसंबर तक इस राज्य में रहेगी और आगरमालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी।

गांधी सुबह महाराष्ट्र के जलगांव जामोड़ से से बुरहानपुर जिले के बोदरेली गांव पहुंचे। वहां पर बंजारा नृत्य के माध्यम से  गांधी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

इसके बाद गांधी पदयात्रा के रूप में बोदरेली गांव से भी आगे बढ़ गए और यात्रा दिन में सुबह 10 बजे के आसपास बुरहानपुर जिले के जैनाबाद फाटा स्थित सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल पहुंचेगी। यहीं पर यात्रा का 'डे कैंप' रहेगा।

यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी देर रात बुरहानपुर जिले में पहुंचेंगे।

प्रियंका पहले इंदौर आएंगी और फिर सड़क मार्ग से बुरहानपुर पहुंचेंगी। वे 24 और 25 नवंबर को यात्रा में शामिल होने के बाद 26 नवंबर को वापस लौट जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी और अनेक नेता व पदाधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं।

गांधी राज्य में 12 दिनों के दौरान लगभग 380 किलोमीटर की दूरी तय कर आगरमालवा जिले से राजस्थान में 04 दिसंबर को प्रवेश कर जाएंगे।  गांधी इस दौरान बुरहानपुर के अलावा खरगाेन,खंडवा, इंदौर, उज्जैन और आगरमालवा जिलों से भी निकलेंगे। गांधी बुरहानपुर जिले के बाद खंडवा जिले के झिरी जाएंगे। इसके अगले दिन यात्रा 24 तारीख को खंडवा को बोरगांव से खरगोन के खेरड़ा तक जाएगी। 25 तारीख को श्री गांधी खेरड़ा से मोरटक्का तक की यात्रा करेंगे।

शनिवार 26 नवंबर को गांधी की यात्रा इंदौर जिले में प्रवेश करेगी। यहां वे डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे। इसके अगले दिन गांधी महू से इंदौर तक की यात्रा करेंगे। 28 तारीख को यात्रा का विश्राम तय किया गया है। गांधी 29 तारीख को इंदौर शहर से सांवेर जाएंगे। 30 तारीख को यात्रा सांवेर से उज्जैन जिले में प्रवेश कर एक तारीख को भी उज्जैन में ही रहेगी। 

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से प्रारंभ हुयी है, जो विभिन्न राज्यों से होती हुयी आज मध्यप्रदेश में पहुंची है। वे कुल 150 दिनों की यात्रा के बाद कश्मीर तक जाएंगे। कुल 3570 किलोमीटर की दूरी इस दौरान तय की जाएगी। (वार्ता)










संबंधित समाचार