राष्ट्रपति मुर्मू गौहाटी उच्च न्यायालय के प्लैटिनम जयंती समारोह को करेंगी संबोधित, जानिये इसकी खास बातें

डीएन ब्यूरो

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात अप्रैल को गौहाटी उच्च न्यायालय के प्लैटिनम जयंती समारोह को संबोधित करेंगी। उच्च न्यायालय के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति मुर्मू


गुवाहाटी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात अप्रैल को गौहाटी उच्च न्यायालय के प्लैटिनम जयंती समारोह को संबोधित करेंगी। उच्च न्यायालय के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्मार्टफोन ऐप ‘भोरोक्सा’ भी जारी करेंगी।

प्रवक्ता के मुताबिक, गौहाटी उच्च न्यायालय के प्लैटिनम जयंती समारोह में भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, गौहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संदीप कटारिया, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी शामिल होंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू छह अप्रैल को असम के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी, जहां उनका काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित होने वाले ‘गज समारोह-2023’ में शिरकत करने का कार्यक्रम है।

प्रवक्ता ने बताया कि गौहाटी उच्च न्यायालय का एक सप्ताह लंबा प्लैटिनम जयंती समारोह एक अप्रैल को शुरू हुआ था, जब एक साइकिल रैली निकाले जाने के साथ ही ‘मुख्य न्यायाधीश एकादश’ और ‘मुख्यमंत्री एकादश’ की टीमों के बीच दोस्ताना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था।

प्रवक्ता के अनुसार, समारोह के तहत रीजीजू पांच अप्रैल को उच्च न्यायालय का स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री ‘गौहाटी उच्च न्यायालय : इतिहास और विरासत’ पुस्तक के असमिया संस्करण का विमोचन करेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल छह अप्रैल को समारोह में शामिल होंगे और असम की राभा, तिवा, जेमे-नगा एवं बोडो, अरुणाचल प्रदेश की न्याशी तथा त्रिपुरा की हलाम जनजाति के प्रथागत कानूनों पर छह पुस्तकों का विमोचन करेंगे।

प्रवक्ता के मुताबिक, प्रधान न्यायाधीश असम के लिए ऑनलाइन ई-सेवा केंद्र और एकीकृत सीआईएस एवं ई-जेल अनुप्रयोगों पर दो ऐप भी जारी करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्लैटिनम जयंती समारोह का समापन आठ अप्रैल को भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश यू यू ललित के संबोधन के साथ होगा।

 










संबंधित समाचार