हिंदी
नई दिल्ली: बिहार विधान सभा चुनावों से पहले विभिन्न पार्टियों में नेताओं के आने-जाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख और दिग्गज नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। वे बिहार से चुनाव लड़ सकतीं हैं।
सुभाषिनी राज राव ने दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस की ओर से उन्हें बिहार के चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सुभाषिनी राज राव को कांग्रेस में शामिल करवाया।
दिल्ली में कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद शरद यादव की बेटी सुभाषिनी ने कहा कि उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं हैं। लेकिन, वह सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी का शुक्रिया अदा करती हैं। उन्होंने कहा कि हमें बिहार को एक बेहतर राज्य बनाना है।
गौरतलब है कि शरद यादव पूर्व में जनता दल (युनाइटेड) के प्रमुख रहे हैं, लेकिन नीतीश कुमार के साथ अनबन के बाद उन्होंने अपनी अलग पार्टी बना ली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में शरद यादव की नई पार्टी महागठबंधन का ही हिस्सा थी।
Published : 14 October 2020, 4:06 PM IST
No related posts found.