हिंदी
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की आने वाली फिल्म 'भीड़' की रिलीज डेट सामने आ गई है। फिल्म को लेकर डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने बहुत ही खास बात कही है। सबसे पहले आपको बता दें कि फिल्म 'भीड़' इस साल 18 नवंबर को रिलीज होगी।
राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर स्टारर 'भीड़' एक सोशल-पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में राजकुमार राव एक बार फिर पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगे। वहीं भूमि के किरदार के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

फिल्म के डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म के स्टार्स के साथ वाली एक फोटो शेयर कर रिलीज डेट की घोषणा की है। फोटो शेयर करते हुए अनुभव सिन्हा ने कैप्शन में लिखा "पसंदीदा तस्वीर.. में 'भीड़' शूट के बाद। में इस फोटो को पोस्ट करने से परहेज कर रहा था, लेकिन अब मैंने इसे ऑनलाइन देखा। वैसे भीड़ 18 नवंबर को रिलीज हो रही है।"
फिल्म को लेकर अनुभव सिन्हा ने कहा कि फिल्म भीड़ में एक विषय है जिसे मैंने अपने दिमाग में एक विचार से बनाया है। एक छोटे से विचार के साथ जो शुरू हुआ, वह जल्द ही एक पटकथा में बदल गया जिसने मुझे एक बड़े कैनवास पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। एक फिल्म निर्माता के रूप में, मेरा मानना है कि मनोरंजन पर दर्शकों को सोचने पर मजबूर करने की जिम्मेदारी है। मैंने अपनी हर फिल्म के साथ ऐसा करने की कोशिश की है और यही हम भीड़ के साथ कर रहे हैं।
बता दें कि 'भीड़' का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और अनुभव सिन्हा की बनारस मीडियावर्क्स के बैनर तले किया जा रहा है। इस फिल्म में राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर के अलावा दीया मिर्जा भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग लखनऊ में की गई है।
Published : 14 May 2022, 5:27 PM IST
Topics : Bhumi Pednekar Bollywood Actors New Film RajKumar Rao नई फिल्म बॉलीवुड एक्टर भूमि पेडनेकर राजकुमार राव
No related posts found.