हिंदी
नई दिल्ली: देश में जनजातीय उद्यमिता, शिल्प, संस्कृति, कला और पंरपरा को बढ़ावा देने के लिए झारखंड के जमशेदपुर में आज (7 अक्टूबर) से दस दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव शुरू हो रहा है। इस आयोजन में देश भर के 336 जनजातीय कारीगर और कलाकार शिरकत करेंगे। महोत्सव में कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) और वन धन केंद्र के लाभार्थी भी विशेष रूप से शामिल होंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस आदि महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे। महोत्सव में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरुता और बिश्वेश्वर टुडू के साथ अन्य गणमान्य लोग भी भाग लेंगे। जनजातीय कार्य मंत्रालय की पहल पर हर साल इस महोत्सव का आयोजन होता है।
इस बार महोत्सव में 150 स्टॉल लगाये जाएंगे, जहां देश भर के जनजातीय समुदायों द्वारा उगाए गए मिलेट्स को आम लोगों के लिए विशेष रूप से प्रदर्शित किया जायेगा। इसके अलावा महोत्सव में जनजातीय कला, हस्तशिल्प, प्राकृतिक उत्पाद के साथ स्वादिष्ट व्यंजन को भी शामिल किया जायेगा।
इस महोत्सव का उद्देश्य देश भर की जनजातियों की समृद्ध और विविध विरासत को प्रदर्शित करने के साथ उनको एक व्यापक मंच उपलब्ध कराना है। यह मंच संगीत, कला, चित्रकला और व्यंजनों के अलावा आदिवासी कारीगरों से मिलने, उनके जीवन जीने के तरीकों के बारे में जानने और जनजातीय संस्कृति व परंपराओं की गहरी समझ हासिल करने का अवसर प्रदान करता है।
Published : 6 October 2023, 6:34 PM IST
Topics : National Tribal Festival 2023 अर्जुन मुंडा आदिवासी संस्कृति जमेशदपुर झारखंड नई दिल्ली राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव
No related posts found.