मुंबई के महत्व को कम करने की चाल: फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह की गुजरात की मेजबानी पर विरोध

डीएन ब्यूरो

महाराष्ट्र में विपक्ष ने बुधवार को आरोप लगाया कि पारंपरिक स्थल मुंबई के बजाय गुजरात में फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह की मेजबानी इस राज्य की राजधानी के महत्व को कम करने और फिल्म उद्योग को बाहर ले जाने का एक प्रयास है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह
फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह


मुंबई: महाराष्ट्र में विपक्ष ने बुधवार को आरोप लगाया कि पारंपरिक स्थल मुंबई के बजाय गुजरात में फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह की मेजबानी इस राज्य की राजधानी के महत्व को कम करने और फिल्म उद्योग को बाहर ले जाने का एक प्रयास है।

पुरस्कार समारोह का 69वां संस्करण गुजरात पर्यटन के सहयोग से 27 और 28 जनवरी को गांधीनगर में आयोजित किया जाएगा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि बॉलीवुड और मुंबई के बीच एक अटूट बंधन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्मफेयर पुरस्कारों को मुंबई के बाहर आयोजित करने का निर्णय 'मुंबई के महत्व को कम करने और फिल्म उद्योग को शहर से बाहर ले जाने का एक प्रयास है'।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘इस फैसले से सिने कर्मचारियों को नुकसान होगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले महाराष्ट्र के उद्योगों को मुंबई से बाहर ले जाया गया और अब महायुति सरकार की 'बुरी नजर' मुंबई के फिल्म उद्योग पर पड़ गई है।

फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार वार्षिक पुरस्कार है, जो बॉलीवुड में कलात्मक और तकनीकी उत्कृष्टता का सम्मान करते हैं और देश में सबसे प्रसिद्ध फिल्म कार्यक्रमों में से एक हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि गुजरात पिछले कुछ वर्षों में मुंबई और महाराष्ट्र से सब कुछ 'चुरा' रहा है।

क्रैस्टो ने कहा कि यह ‘शर्मनाक’ है कि भाजपा के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार इस मुद्दे पर वैसे ही चुप है, ‘जैसा कि वे तब थे जब परियोजनाओं और वित्तीय संभावनाओं को राज्य से दूर ले जाया जा रहा था’।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पूछा, ‘‘गुजरात भारत का ही राज्य है और यह हमेशा समृद्ध रहे, लेकिन फिर राज्य और केंद्र सरकार महाराष्ट्र के लिए ऐसा क्यों नहीं सोच रही है कि महाराष्ट्र भी एक भारतीय राज्य ही है?’’

 










संबंधित समाचार