हिंदी
मुंबई: हिंदी सिनेमा जगत के दिग्गज और मशहूर अभिनेता मनोज कुमार का पार्थिव शरीर शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गया। उनके अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के अमिताभ बच्चन, प्रेम चोपड़ा, सलीम खान, अनु मलिक और राजपाल यादव समेत कई कलाकार मौजूद थे। सभी कलाकारों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत फिल्मों के लिए मशहूर मनोज कुमार को राजकीय सम्मान के साथ आखिरी विदाई दी गई। उनके बेटे कुणाल ने पवन हंस श्मशान घाट में उन्हें मुखाग्नि दी।

अभिनेता और राजनेता राज बब्बर ने अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कहा कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने एक रत्न खो दिया है, जिन्होंने हमेशा भारत की गरिमा, स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों को अपनी फिल्मों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारत की महिमा को देश और विदेश में लोगों के सामने पेश किया। वह एक लेखक, अभिनेता, निर्देशक और एक नेक इंसान थे।

अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि वह भारत के विश्व कला रत्न हैं। वह भारत रत्न हैं। मैं उन्हें सलाम करता हूं। वह हमारे बॉलीवुड के रत्न हैं और हमेशा रत्न बने रहेंगे।
वेटेरन एक्टर प्रेम चोपड़ा ने कहा कि वे उनके अनमोल दोस्त थे। हम शुरूआती दिनों से ही साथ-साथ थे। यह एक शानदार सफर रहा है, उनके साथ काम करके सभी को फायदा हुआ है, मुझे भी उनसे काफी प्रेरणा मिली है, वो मेरे बहुत-बहुत अच्छे दोस्त थे; बल्कि वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक थे।
बॉलीवुड के सिंगर कम्पोजर अनु मालिक ने दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जो भी फिल्में बनाई हैं, वो समाज और देश के हित के लिए बनाई हैं और ऐसे लोग इस दुनिया में बार-बार नहीं आते।
हमें मनोज कुमार साहब की फिल्मों, उनके गानों, उनके निर्देशन से प्रेरणा लेनी चाहिए। मैं बहुत भावुक हूं। हम सभी की तरह पूरा देश बहुत भावुक है कि एक ऐसा कलाकार चला गया जो इस दुनिया में कभी वापस नहीं आ सकता।
मनोज कुमार लंबे समय से बीमार से जूझ रहे थे। वे डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी, 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह साढ़े तीन बजे मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
मनोज कुमार ने कई सुपरहिट फिल्मे दीं। वे 'उपकार', 'पूरब-पश्चिम', 'रोटी-कपड़ा' और 'क्रांति' जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए मशहूर थे। मनोज कुमार को उनके फिल्मी करियर में 7 बार फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया और 1992 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया। वहीं 2016 में मनोज कुमार को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
Published : 5 April 2025, 1:53 PM IST
Topics : Bollywood News entertainment news Indian film industry Manoj Kumar Manoj Kumar Funeral Manoj Kumar Last Rites