हिंदी
यवतमाल: महाराष्ट्र में यवतमाल जिले के महागांव तहसील में बाढ़ के कारण फंसे लगभग 110 लोगों को शनिवार को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी अमोल येडगे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के अलावा, भारतीय वायु सेना के एक एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को भी आनंदनगर टांडा गांव में बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया था।
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ ने फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और बचाव अभियान समाप्त हो गया। नागपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर इस जिले में शुक्रवार से भारी बारिश हो रही है।
इससे पहले, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया था कि वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर बचाव कार्यों के लिए नागपुर से रवाना हुए हैं, लेकिन एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि केवल एक हेलीकॉप्टर को सेवा में लगाया गया है।
येडगे ने बताया कि महागांव तहसील में आधी रात से शनिवार सुबह तक 231 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले में 117.5 मिमी बारिश हुई।
उन्होंने कहा कि यवतमाल शहर की कुछ सड़कों पर भी पानी भर गया है और प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
पूर्वी महाराष्ट्र के एक अन्य जिले बुलढाणा की संग्रामपुर तहसील के कसेरगांव गांव में लगभग 140 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नागपुर ने शनिवार को विदर्भ के यवतमाल, गढ़चिरौली, अमरावती और वाशिम जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने और भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
Published : 22 July 2023, 9:37 PM IST
Topics : अधिकारिय तहसील बाढ़ महागांव महाराष्ट्र यवतमाल जिले
No related posts found.