महाराष्ट्र वर्षा: यवतमाल में 45 लोग फंसे, बचाव अभियान में वायुसेना के हेलीकॉप्टर शामिल

महाराष्ट्र में यवतमाल जिले के महागांव तालुका में भारी वर्षा के बाद बाढ़ में फंसे 45 लोगों को बचाने के लिए भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Updated : 22 July 2023, 6:07 PM IST
google-preferred

यवतमाल: महाराष्ट्र में यवतमाल जिले के महागांव तालुका में भारी वर्षा के बाद बाढ़ में फंसे 45 लोगों को बचाने के लिए भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यवतमाल के कई हिस्सों में शुक्रवार से ही भारी वर्षा हो रही है जिससे मकानों में पानी भर गया है और लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर हो गये हैं।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक ट्वीट में कहा कि महागांव तालुका के आनंदनगर गांव में बाढ़ के कारण 45 लोग फंस गये हैं।

उन्होंने कहा कि शीघ्र ही भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर नागपुर पहुंचेंगे तथा जहां से वे फंसे हुए नागरिकों को बचाने के लिए महागांव के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि महागांव तालुका में 231 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (नागपुर) विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने एक बयान में बताया कि यवतमाल में बाढ़ के कारण फंसे लोगों को निकालने के लिए मिराज 17 वी 5 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार यवतमाल में शुक्रवार रात से भी भारी वर्षा हो रही है जिससे शहर के कई हिस्सों में मकान एवं सड़कें जलमग्न हो गयी हैं।

जिलाधिकारी अमोल येडगे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा शहर में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि शहर में शुक्रवार रात से 117.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

उन्होंने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल की एक टीम आनंदनगर गांव में बचाव अभियान चलाने के लिए रवाना की गई है।

 

Published : 
  • 22 July 2023, 6:07 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement