Maharashtra: बंधुआ मजदूरी कराने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने अपने ईंट भट्टे पर बंधुआ बनाकर मजदूरी कराने और प्रताड़ित करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Updated : 8 July 2023, 8:43 PM IST
google-preferred

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने अपने ईंट भट्टे पर बंधुआ बनाकर मजदूरी कराने और प्रताड़ित करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भारत में संविधान के अनुच्छेद-21 और 23 के तहत बंधुआ मजदूरी प्रतिबंधित है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक भिवंडी के टेंबीवली के रहने वाले आरोपी सिद्दीकी हुसैन शेख तथा उसके बेटे अरबाज और अराफात ने पिछले चार साल से करकरी समुदाय के एक दंपति और उनके बच्चों को बंधुआ बनाकर रखा हुआ था।

पुलिस अधिकारी ने पीड़ितों की शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि तीनों उन्हें अपने ईंट भट्ठे पर काम करने और घास काटने के लिए मजबूर करते थे। जब भी पीड़ित अपना मेहनताना अथवा मुआवजा मांगते तो आरोपी उन्हें भूखा रखते, पीटते और प्रताड़ित करते थे।

इस सिलसिले में भिवंडी तालुका पुलिस थाने में शुक्रवार रात सिद्दीकी शेख और उनके बेटों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा बंधुआ श्रम प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

वहीं, सतारा जिले में

सतारा जिले की पलटन पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत सामूहिक दुष्कर्म, अत्याचार अधिनियम और बंधुआ मजदूरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है जो लकड़ी से कोयला बनाने के लिए श्रमिकों का इस्तेमाल करता था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ जिले की रहने वाली महिला (26) को काम के लिए सतारा जिले में लाया गया था, लेकिन उसके साथ कई बार सामूहिक बलात्कार किया गया। आरोपियों ने उसके पति और बच्चों को बंधक बना लिया और उसका यौन उत्पीड़न किया।

आरोपियों के चंगुल से बचने के लिए महिला पूरी रात गन्ने के खेत में छिपी रही। इसके बाद वह अपने दो बच्चों और रिश्तेदारों को छोड़कर भाग गई।

जब मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ने वाले गैर-सरकारी संगठन श्रमजीवी संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसके कार्यकारी अध्यक्ष शेना दुबे-पंडित के नेतृत्व में उस स्थान का दौरा किया जहां महिला दो सप्ताह तक रही, तो उन्हें मौके पर कोई नहीं मिला।

पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुख्य आरोपी बालू शेख के रूप में की है।

 

Published : 
  • 8 July 2023, 8:43 PM IST

Related News

No related posts found.