हिंदी
महराजगंज: जनपद के चौक क्षेत्र में देवदह रामग्राम (बुद्ध स्थल), बौद्ध संग्रहालय समेत प्रस्तावित ध्यान केंद्र और यात्री निवास योजना को अमलीजामा पहनाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाने शुरू कर दिये है। जिला प्रशासन ने देवदह रामग्राम में बौद्ध संग्रहालय की स्थापना की भी तैयारियां शुरू कर दी है। यदि सब कुछ ठीक ठाक और समयबद्ध तरीके से चलता रहा तो इस योजना के अस्तित्व में आने से जनपद को बौद्ध सर्किट के रूप में नई पहचान मिल जायेगी। इस योजना के मॉडल का एक एक्सक्लूसिव वीडियो आप डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में देख सकते हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक जनपद में बुद्ध स्थल से जुड़े करीब 388 स्थलों की समय-समय पर खुदाई की गई। खुदाई में पुरातात्विक महत्व की कई वस्तुएं भी प्राप्त हुई हैं, जिनको जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में संरक्षित रखा गया है।
जिलाधिकारी ने इसके लिये संग्रहालय में बुद्ध स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद खुदाई से प्राप्त संबंधित वस्तुओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके लिये संबंधित विभागों और परियोजना से जुड़े अफसरों को कई तरह के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने विशेषज्ञों के द्वारा प्राप्त वस्तुओं की कार्बन डेटिंग कर उनकी आयु व काल निर्धारित करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही परियोजना प्रबंधक, राजकीय निर्माण निगम को संग्रहालय में रखी वस्तुओं की सूची बनाने और संग्रहालय के लिए एस्टीमेट बनाने का निर्देश दिया।
बौद्ध संग्रहालय बन जाने से जनपद में न सिर्फ बौद्ध धर्मावलंबी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि देश-प्रदेश के लोग भी आएंगे।
Published : 10 April 2022, 7:59 PM IST
Topics : जंगल सफारी जिला प्रशासन देवदह रामग्राम ध्यान केंद्र पर्यटन योजना बुद्ध स्थल महराजगंज यात्री निवास
No related posts found.