Maharajganj Flood: दलित बस्ती में घुसा बाढ़ का पानी, रात भर रही नींद हराम, अब जलजनित बीमारियों का खतरा, देखिये वीडियो

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद इस समय बाढ़ की चपेट में है, जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो रहे हैं। दलित बस्ती में बाढ़ का पानी घुस जाने से लोगों की रात भर नींद हराम हो गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 29 August 2021, 1:30 PM IST
google-preferred

महराजगंज: जनपद के अधिकतर क्षेत्र इस समय बाढ़ के कहर से जूझ रहे है। अब भी कई गांवों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो रहे हैं और किसानों की फसल बर्बाद हो चुकी है। जनपद के धानी ब्लॉक में स्थित दलित बस्ती में बाढ़ का पानी घुस जाने से यहां के लोग रात भर सो न सके। जलजमाव से लोगों का अपने घरों में रहना मुश्किल हो गया है। यहां के लोगों ने डाइनामाइट न्यूज को अपना दर्द सुनाया और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। 

जनपद के धानी बाजार विकास क्षेत्र के ग्राम सभा कानापार का वार्ड न. 3 में बाढ़ के पानी ने लोगों की नींद हराम कर दी है। दूर-दूर तक जलजमाव से लोगों का जीना दूभर हो रहा है। बाढ़ के खतरे के अलावा अब यहां के लोगों को जलजनित संक्रामक रोगों का भारी डर सताने लगा है।

धानी के इस क्षेत्र में जगह-जगह जलमग्न मंजर दिखायी दे रहे हैं। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण नालियों के पानी में जलजमाव इस कदर हो गया अब बाढ़ के पानी के साथ गंदा पानी भी लोगों के घरों में घुसने लगा है। बाढ़ के अलावा इस दुर्गंध से लोग खासे परेशान हैं। जहरीले सर्पों के आने की आशंका के कारण लोगों की नीद हराम हो गयी है। 

लोगों का कहना है कि वे रात भर सो नहीं सकी। घर में रखा सामान भी पानी से बर्बाद हो गया। बाढ़ के साथ संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बढ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बारे में उन्होंने कई बार ब्लॉक के अधिकारी सहित उच्चधिकारियो को भी अवगत कराया लेकिन किसी ने कोई खास मदद नहीं की। कुछ सम्बधित अधिकारी मौके पर भी गये लेकिन कोई समुचित व्यवस्था नही करा सके। लोगों को यहां कई दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।