महराजगंज: अवैध अस्पताल के खिलाफ प्रशासन की छापेमारी, साईं हॉस्पिटल सील, कई संचालकों में हड़कंप

डीएन ब्यूरो

जनपद में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन की कड़ी कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम की मौजूदगी में प्रशासन की छापेमारी के बाद साईं हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट



फरेंदा (महराजगंज): अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन की कड़ी कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने छापेमारी के बाद फरेंदा कस्बे के गनेशपुर में स्थित साईं अस्पताल को सील कर दिया गया। अस्पताल के संचालन औपचारिकताएं पूरी न करने के कारण यह कार्रवाई की गई। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र के कई अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार उप जिलाधिकारी राजेश जायसवाल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ अंग्रेज सिंह द्वारा गुरूवार देर शाम फरेंदा के साईं अस्पताल पर छापेमारी की गई। बताया जाता है कि इस दौरान जांच में वहां कई तरह की अनियमितताएं पाई गईं। जिसके बाद प्रशासन द्वारा अस्पताल को सील कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक साईं अस्पताल के संचालक छापेमारी के लिये गई प्रशासनिक टीम को अस्पताल का लाइसेंस और जरूरी कागजात दिखाने में असफल रहे। जिसके बाद एसडीएम के निर्देश पर पुलिस और संबंधित टीम ने अस्पताल के खिलाफ विधिक कार्रवाई के बाद उसे सील कर दिया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ अंग्रेज सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा अवैध अस्पतालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाया जायेगा और अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर शिकंजा कसा जाएगा। इस छापेमारी के दौरान तहसीलदार वाचस्पति सिंह, कोतवाल फरेंदा गिरिजेश उपाध्याय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।










संबंधित समाचार