
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पार्टी में पद दिलाने, 500 बीघा से अधिक जमीन में हिस्सा दिलाने के नाम पर वसूली, भ्रष्टाचार और माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, भाजपा जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व जिला अध्यक्ष 500 बीघा से अधिक जमीन पर कब्जे में शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि साध्वी का भतीजा 500 डंपर चला रहा है और मोरम खदानों में उसकी हिस्सेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि मिनरल वाटर के कारोबार में 200 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई गई है।
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से की शिकायत
मुखलाल पाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के अधिकारी मुख्यमंत्री के निर्देश के विपरीत काम कर रहे हैं और सरकारी जमीनों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने में पक्षपात कर रहे हैं।
मुखलाल पाल के आरोपों के बाद भाजपा संगठन में गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है। इस मामले को लेकर पार्टी में हलचल मच गई है और शीर्ष नेतृत्व इस विवाद पर नजर बनाए हुए है।
पचास लाख के लेनदेन का मामला भी सामने आया
भाजपा जिला अध्यक्ष पर पचास लाख के लेनदेन का भी आरोप लगा है, जिस पर उन्होंने कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि उनकी शिकायतों की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है, लेकिन विरोधी गुट उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहा है।
क्या कहते हैं भाजपा जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल?
मुखलाल पाल ने प्रेस वार्ता में कहा, ''पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने 500 बीघा से अधिक जमीन पर कब्जा कर भ्रष्टाचार किया है। मोरंग खदानों से अवैध वसूली की गई और माफियाओं को संरक्षण दिया गया। मैंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व से की है। लेकिन मुझे बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।'' इस पूरे मामले में पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन फतेहपुर में भाजपा के अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं।
Published : 21 March 2025, 5:04 PM IST
Topics : bjp Dynamite News hindi Election News Fatehpur Fatehpur Big News Fatehpur Trending News Political News Politics News up UP Politics News