Madhya Pradesh: 20 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन जब्त की है और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

Updated : 4 May 2023, 5:42 PM IST
google-preferred

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन जब्त की है और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि 20.320 किलोग्राम हेरोइन को एक ट्रक के विशेष केबिन में चार पैकेटों में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर शामगढ़ इलाके के संकरिया खेड़ी गांव के पास बुधवार को रोका।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ मणिपुर से राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले स्थित छोटी सादड़ी नगर ले जाया जा रहा था।

सुजानिया के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ की कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी ट्रक चालक कालू सिंह (29) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुजानिया के अनुसार, कालू सिंह राजस्थान के जोधपुर जिले के कडवड पुलिस थाना क्षेत्र के नेतडा गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ शामगढ़ थाना में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने इस अपराध में शामिल तीन अन्य लोगों का नाम भी लिया है, जिन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

सुजानिया ने बताया कि इन लोगों के मादक पदार्थ तस्करों के अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य होने का संदेह है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रक के साथ-साथ आरोपी चालक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

Published : 
  • 4 May 2023, 5:42 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement