हिंदी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान सभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र आज गुरुवार से शुरू हो गया है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी समेत सभी विपक्षी पार्टियां राज्य के विभिन्न मुद्दों को लेकर यूपी की योगी सरकार का घेराव करने में जुट गयी है। सपा के अलावा कांग्रेस ने भी ब्राह्मण उत्पीड़न समेत कई मुद्दों को लेकर योगी सरकार का घेराव करने का निर्णय लिया है।

गुरुवार को विधान सभा सत्र शुरू होते ही सपा विधायकों ने राज्य विधान सभा के बाहर अपना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सपा विधायक विधान सभा के बाहर योगी सरकार के खिलाफ हाथों में तख्तियां लिये प्रदर्शन कर रही है। विधायकों द्वारा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें..यूपी विधान सभा के 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव, मानसून सत्र से पहले मचा हड़कंप
राज्य में अटकी भर्तियों को खोलने, युवाओं को रोजगार देने, ब्राह्मण उत्पीड़न जैसे कई मुद्दों को लेकर सपा विधायकों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। सपा विधायकों का कहना है कि योगी सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है। राज्य में बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
सपा के अलावा कांग्रेस ने भी योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने अपने पार्टी के विधायकों और ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों के लिये कल एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने अपने सभी विधायकों से इस सत्र में ब्राह्मण उत्पीड़न के मुद्दे को जोर-शोर से उठाने को कहा है। साथ ही आम जनता से भी उन्होंने समर्थन मांगा है और दलगत राजनीति से उठकर ब्राह्मण समाज के लोगों पर राज्य में बढ रहे हमले, अत्याचार और उत्पीड़ने के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।
Published : 20 August 2020, 10:25 AM IST
Topics : उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदर्शन मानसून सत्र योगी सरकार विधान भवन विधान सभा विधायक समाजवादी पार्टी
No related posts found.