हिंदी
लखनऊ के सपा मुख्यालय में आज महाराणा प्रताप की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप ने जनता के स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया, लेकिन कभी पीछे नहीं हटे। हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। पूरी खबर..
लखनऊ: महाराणा प्रताप की जयंती पर राजधानी के सपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी से सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप ने हमेशा ही जनता के स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया और कई कष्ट झेले, लेकिन वे कभी पीछे नहीं हटे। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए। सभी को जनता के लिये काम करना होगा।
इस मौके पर सपा मुख्यालय में महाराणा प्रताप की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश का भी सम्मान किया।
महाराणा प्रताप की जयंती पर अवकाश
अखिलेश ने घोषणा कि राज्य में फिर से सपा सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा औऱ उनके नाम पर पार्कों का निर्माण समेत अन्य कार्य किये जायेंगे।
लोहिया सभागार में सब रंग
महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर रंग-बिरंगी पगड़ी पहले सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को देखकर गदगद अखिलेश ने कहा कि आज काफी समय बाद लोहिया सभागार में इतने सारे रंग एक साथ दिख रहे हैं। यह खुशी की बात है कि महाराणा प्रताप के जन्मदिन के मौके पर बड़ी तादाद में दूसरे प्रदेशों से भी लोग सपा मुख्यालय पहुंचे हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
इस दौरान अखिलेश ने भाजपा सरकार पर महापुरुषों के नाम पर राजनीति करने और जनता से जुड़े असली मुद्दों को लेकर देश की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के मुद्दे पर भाजपा जानबूझ कर विवादित मुद्दे सामने लाकर जनता को असल मुद्दों से भटका रही है। भाजपा किसानों और बेरोजगारों की उपेक्षा कर रही है।
Published : 9 May 2018, 4:00 PM IST
No related posts found.