हिंदी
जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्य में सोमवार को महंगाई राहत शिविरों का उद्घाटन करेंगे, जिसका उद्देश्य लोगों को बढ़ती कीमतों से राहत दिलाना है। इन शिविरों की शुरूआत 24 अप्रैल को और समापन 20 जून को होगा। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार को यहां सांगानेर की ग्राम पंचायत महापुरा में इस शिविर को शुरू करेंगे।
गहलोत ने एक बयान में कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनके अधिकारों, योजनाओं और उनकी पात्रता के बारे में पूरी जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है ।
उन्होंने कहा कि आम जनता एवं वंचित वर्ग को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें महंगाई से राहत प्रदान की जायेगी।
उन्होंने कहा कि शिविरों में आम लोगों को 10 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे बढ़ती महंगाई से उन्हें राहत मिलेगी।
राज्य सरकार द्वारा संचालित 10 जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल होने के लिए शिविरों में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुविधा के लिए किसी भी जिले का व्यक्ति राजस्थान सरकार के जनआधार कार्ड के माध्यम से अन्य जिलों के शिविरों में भी पंजीकरण करा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिला प्रशासन द्वारा सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर 2000 स्थायी महंगाई राहत शिविर स्थापित किये जायेंगे।
कैलेंडर के अनुसार 11,283 ग्राम पंचायतों और 7,500 वार्डों में दो दिवसीय महंगाई राहत शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों में मुख्यमंत्री के गारंटी कार्ड के पंजीकरण और वितरण के लिए पर्याप्त काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
एक अन्य फैसले में राज्य सरकार ने किसान कल्याण की विभिन्न योजनाओं के तहत 592 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
सरकारी बयान में कहा गया है कि गहलोत ने किसानों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए वित्तीय प्रावधानों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
Published : 23 April 2023, 7:02 PM IST
Topics : inflation Relief Camps आयोजन महंगाई राजस्थान राहत शिविर
No related posts found.