हिंदी
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में लैवेंडर की खेती को बढ़ावा देने के लिए 'अरोमा मिशन' के तहत केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेगी। एक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गयी।
'अरोमा मिशन', लैवेंडर की खेती से संबंधित एक पहल है, जो जम्मू- कश्मीर में किसानों के लिए एक वरदान साबित हुयी है।
चंबा सहित हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों की जलवायु परिस्थितियों के जम्मू-कश्मीर के समान होने के कारण, राज्य सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश में इस पहल की सफलता को बड़े पैमाने पर दोहराना है।
बयान के मुताबिक इस पहल से किसानों के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह से चर्चा भी की है। जितेंद्र सिंह ने इस परियोजना के लिए किसानों को तकनीकी सहायता प्रदान करने का हिमाचल प्रदेश को आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इस पहल में किसानों के जीवन को बदलने की क्षमता है तथा राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से ‘अरोमा मिशन’ कृषि क्षेत्र के लिए एक परिवर्तनकारी कदम साबित हो सकता है।
लैवेंडर की खेती जिसे बैंगनी क्रांति के रूप में भी जाना जाता है, हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए एक आकर्षक विकल्प साबित हो सकती है।
Published : 3 April 2023, 8:32 AM IST
Topics : अरोमा मिशन केंद्र सरकार खेती लैवेंडर हिमाचल प्रदेश
No related posts found.