हिंदी
जयपुर: जयपुर में साल 2020 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत शनिवार को शुरू हुई। इसकी शुरुआत राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष तथा उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश संगीत लोढ़ा ने उच्च न्यायालय के कान्फ्रेंस हाल में की। इस अवसर पर लोढ़ा ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को राज्यभर की अदालतों में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालतों में प्रकरणों के निस्तारण के लिए उच्च न्यायालय सहित अधीनस्थ अदालतों में 789 पीठ का गठन किया गया है तथा इनमें 2.60 लाख से अधिक प्रकरण चिन्हित किए गए हैं।
लोढ़ा ने बताया कि इन प्रकरणों में 1.04 लाख से अधिक प्री लिटिगेशन के प्रकरण तथा 1,55,695 (करीब डेढ़ लाख) लंबित प्रकरण चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 60 हजार से अधिक मामले अनादरण, 10 हजार वाहन बीमा, 11 हजार पारिवारिक विवाद, 31 हजार सिविल प्रकरण तथा 35 हजार फौजदारी योग्य प्रकरण चिन्हित किए गए हैं।
लोढ़ा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा भी लोक अदालतों में सहयोग मिल रहा है तथा राज्य सरकार भी लगभग 10 हजार से अधिक मुकदमे वापस लेगी। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति गोर्वधन बारदार, न्यायमूर्ति डी.सी. सोमानी, न्यायमूर्ति जी. आर. मूलचंदानी, न्यायमूर्ति पंकज भंडारी, न्यायमूर्ति इंद्रजीत सिंह, न्यायमूर्ति एन एस ढड्ढा तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव अशोक कुमार जैन भी उपस्थित थे। (भाषा)
Published : 8 February 2020, 2:50 PM IST