हिंदी
फतेहपुर: किशनपुर थाना के असहट मजरे पिपरहा डेरा निवासी एक मजदूर का शव नाले में पड़ा मिला। मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक के गले में गमछे के फंदे के निशान मिले है। इसके अलावा मृतक के चेहरे और शरीर पर डंडे व लात-घूसों के निशान भी मिले। आशंका जतायी जा रही है कि गला घोंटकर और पिटाई करके मजदूर की हत्या की गयी है।
मृतक मजदूर की पहचान अर्जुन केवट पुत्र ऊदल के रूप में हुई, जो एक भट्ठे में काम करता था। बताया जाता है कि अर्जुन काम करने के बाद अकेले ही घर के लिए निकला। जब उसके साथी घर पहुंचे तो वह घर पर नहीं मिला, जिस पर अर्जुन के घर वालो को चिंता हुई और उसके तीनों साथियों ने परिजनों के साथ अर्जुन को रात भर ढूंढा, लेकिन अर्जुन का कोई पता नहीं चला।
आज सुबह अर्जुन की साइकिल पिपरहा डेरा और असहट के बीच लावारिस हाल में खड़ी मिली, इसके बाद लोगों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। घरवालों ने आसपास ढूंढा तो उसका शव नाले में पड़ा मिला।
किशनपुर थाने के प्रभारी ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की और हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की लिखित तहरीर दी है, जिस पर जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
Published : 11 April 2018, 6:16 PM IST
Topics : पुलिस पोस्टमार्टम फतेहपुर भट्टा मजदूर हत्या
No related posts found.