हिंदी
जकार्ता: इंडोनेशिया में भयंकर भूकंप और सूनामी के कारण हाहाकार मचा हुआ है। भूकंप और सूनामी की चपेट में आने के कारण वहां अब तक लगभग 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 550 से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी है। इसके अलावा सैकड़ों लोग लापता है।
इंडोनेशिया में भूकंप और सूनामी से तबाही का मंजर इस कदर मचा हुआ है कि अस्पताल घायलों और उन्हें देखने वाले लोगों से पूरे भर चुके हैं। अस्पतालों में जगह नहीं मिलने के कारण कई घायलों का इलाज खुले में किया जा रहा है। लोग बदहवास होकर अपनों को तलाश रहे हैं। प्रशासन हर पीड़ित तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है लेकिन तबाही इतनी बड़ी है कि हर तरह की मदद नाकाफी साबित हो रही है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इंडोनेशिया में शुक्रवार को आए भूकंप का केंद्र पालू शहर से 78 किलोमीटर की दूरी पर था। मध्य सुलावेसी के डोंग्गाला कस्बे में आए इस भूकंप की तीव्रता 7.5 थी।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने कहा कि त्रासदी वाली जगह पर मदद के लिए सेना को बुलाया जा रहा है। इस तबाही में हजारों घर और अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा है। होटलों, मस्जिदों, शॉपिंग मॉल्स आदि के गिरने की भी खबर है। सावधानी बरतते हुए पालू एयरपोर्ट को फिलहाल बंद रखने का आदेश भी दिये गये थे।
Published : 29 September 2018, 6:58 PM IST
Topics : अस्पताल इंडोनेशिया घायल तबाही प्राकृतिक आपदा बाढ़ भूकंप मौत लापता सुनामी
No related posts found.