डॉ. कफील खान ने प्रियंका गांधी को दी सीएम योगी के खिलाफ इस अंतरराष्ट्रीय लड़ाई की जानकारी

हाल ही में हाई कोर्ट के आदेश के बाद जमानत पर छूटे डॉ. कफील खान ने सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से सपरिवार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी को सीएम योगी के खिलाफ महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट..

Updated : 22 September 2020, 10:37 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: हाई कोर्ट के आदेश पर हाल ही में जमानत पर छूटे डॉ. कफील खान ने सोमवार को सपरिवार नई दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में भले ही एक नई चर्चा ने जन्म ले लिया हो लेकिन इस मीटिंग के दौरान कफील खान ने प्रियंका गांधी के साथ कई तरह की महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की।

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यानाथ के गृह जनपद से ही आने वाले कफील खान ने प्रियंका गांधी को यूपी सीएम के खिलाफ एक महत्वूर्ण जनकारी भी दी। उन्होंने प्रियंका गांधी से अपनी उस शिकायत का भी जिक्र किया, जो कफील खान ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ संयुकत राष्ट्र संघ में की है। बताया जाता है कि सीएम योगी के खिलाफ अपनी लड़ाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिये कफील खान को कांग्रेस से सराहना भी मिली।

जानकारी के मुताबिक गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में तीन वर्ष पहले हुई बच्चों की मौत के प्रकरण में निलंबित चल रहे डॉ. कफील खान ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग (यूएनएचआरसी) को भारत में अंतरराष्ट्रीय मानव सुरक्षा मानकों का व्यापक उल्लंघन और असहमति की आवाज को दबाने के लिए एक पत्र लिखा है।

बताया जाता है कि इस पत्र में एनएसए, यूएपीए, सीएएस जैसे सख्त कानूनों के बारे में लिखा गया है और सरकार द्वारा इनका दुरुपयोग किये जाने की शिकायत भी की गयी है। इस पत्र में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा गया है और उन पर कानूनों के दुरूपयोग का आरोप लगाया गया है। 

सूत्रों के मुताबिक काफील खान के इस पत्र में सीएए के खिलाफ किये गये शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के बाद उनके मानवाधिकारों की रक्षा करने के लिए संयुक्त राष्ट्र का भी आभार जताया गया है।

सीएए कानून के खिलाफ भाषण देने को लेकर रासुका के तहत छह महीने तक जेल में बंद रहे डॉ. कफील खान की रिहाई के लिये कांग्रेस पार्टी समेत महासचिव प्रियंका गांधी ने भी कई मौकों पर आवाज उठाई।  

दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात करने वालों में डॉक्टर कफील खान के परिवार के अलावा उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और अल्पसंख्यक कांग्रेस के चेयरमैन शाहनवाज आलम भी मौजूद थे। 
 

Published : 
  • 22 September 2020, 10:37 AM IST

Related News

No related posts found.