हिंदी
मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के अयोध्या से लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो मांट क्षेत्र में टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। दो श्रद्धालु किसी तरह बाहर निकल ही पाए कि गाड़ी में आग लग गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार आग की लपटों में घिरे पांच लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला गया। दुर्घटना में दो श्रद्धालु घायल, जबकि पांच आग में झुलस गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां से चालक की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी श्रद्धालु दूसरे वाहन से अपने घरों को निकल गए। आग बुझाए जाने तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
महाकुंभ में स्नान करने के लिए दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जा रहे हैं। राजस्थान के चुरु जिले के राजगढ़ थाना अंतर्गत वार्ड संख्या चार हनुमान मंदिर लाल कुआं निवासी मनोज सैनी, अनिल सैनी, राजेश योगी, श्याम सैनी, माईराम सैनी, सुरेश एवं कृष्ण जोशी स्कॉर्पियो से बीते दिनों महाकुंभ स्नान को गए थे।
आधी रात गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई
संगम में स्नान करने के बाद सभी लोग अयोध्या भगवान श्रीराम के दर्शन किए। राजेश योगी ने बताया कि अयोध्या से सभी लोग राजस्थान के लिए रवाना हो गए थे। रविवार रात वह यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए आगरा की ओर जा रहे थे। मनोज सैनी गाड़ी चला रहे थे। आधी रात के बाद करीब ढाई बजे मांट थाना क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन 103 पर अचानक स्कॉर्पियो का टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
पुलिस एवं यमुना एक्सप्रेसवे कर्मियों की मदद से सभी को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चालक मनोज सैनी की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। राजेश ने बताया कि मनोज की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी लोग घायल एवं झुलसे हैं। सभी लोग दूसरे वाहन से राजस्थान जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक राजीत कुमार ने बताया कि भीम फैसिलिटी के समीप दुर्घटना हुई है। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना का कारण टायर फटना बताया जा रहा है।
Published : 24 February 2025, 6:08 PM IST
Topics : Accident Accident News devotees Dynamite News Mahakumbh UP News uttar pradesh Yamuna Expressway