बारात से लौट रही बोलेरो ने पेड़ में मारी जोरदार टक्कर, चालक की दर्दनाक मौत, उड़ गए बोलेरो के परखच्चे

डीएन संवाददाता

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के सिसवा मार्ग पर एक तेज रफ़्तार बोलेरो ने पेड़ में टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लिया। पढें डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

बोलेरो
बोलेरो


निचलौल (महराजगंज): जनपद महाराजगंज में  सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है।

शुक्रवार की आधी रात में बारात से लौट रही एक बोलेरो ने पेड़ में जोरदार टक्कर मार दी।

निचलौल थाना क्षेत्र के सिसवा रोड पर रेशम फॉर्म के पास हुई इस घटना में ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक परगपुर निवासी प्रिंस शर्मा (28 वर्ष) बोलेरो लेकर सिसवा में एक शादी समारोह में गया हुआ था।

प्रिंस आधी रात को शादी से लौटते समय बोलेरो लेकर वापस घर लौट रहा था।

अभी वह सिसवा मार्ग के  रेशम फॉर्म के पास ही पहुंचा था कि आंख झपकने के कारण तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई। जिसके कारण गाड़ी चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के संबंध में निचलौल थाना अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे की खबर लगते ही मौके पर पुलिस भेजकर चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने जांच के पश्चात चालक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने इसकी सूचना मृत चालक के परिजनों को दी। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।

पुलिस ने गाड़ी चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुटी है।










संबंधित समाचार