Delhi Budget Session: भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता अगले बजट तक विधानसभा से निलंबित

डीएन ब्यूरो

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सदन की कार्यवाही में कथित तौर पर बाधा डालने के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विजेंद्र गुप्ता को एक साल के लिए यानी अगले बजट सत्र तक निलंबित कर दिया।

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता (फ़ाइल)
भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता (फ़ाइल)


नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सदन की कार्यवाही में कथित तौर पर बाधा डालने के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विजेंद्र गुप्ता को एक साल के लिए यानी अगले बजट सत्र तक निलंबित कर दिया।

इससे पहले दिन में, गुप्ता ने बजट विवरण कथित रूप से सोशल मीडिया पर लीक करने को लेकर दिल्ली के वित्तमंत्री कैलाश गहलोत और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय के खिलाफ विशेषाधिकार उल्लंघन का नोटिस दिया था।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा, ‘‘नियमों के मुताबिक इस तरह का नोटिस तीन घंटे पहले दिया जाना चाहिए। आप यह कह रहे हैं कि इस पर चर्चा आज ही होनी चाहिए। ऐसा लगता है कि इसका उद्देश्य हंगामा करना और सदन का समय बर्बाद करना है।’’

विधानसभाध्यक्ष ने गुप्ता को कड़ी चेतावनी भी दी।

उनके द्वारा दिए गए नोटिस में सोमवार को विधानसभा में पेश ‘परिणाम बजट’ के ब्योरे के लीक होने का उल्लेख था लेकिन सदन में बोलते हुए उन्होंने 2023-2024 बजट का उल्लेख किया जो अभी पेश किया जाना है।

अपराह्न दो बजे के बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, गुप्ता ने फिर से इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद आप विधायक संजीव झा ने उन्हें एक साल के लिए निष्कासित करने की मांग की।

सदन द्वारा प्रस्ताव पारित कर दिया गया और गोयल ने कहा कि गुप्ता को अगले बजट सत्र तक दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही से निलंबित किया जाता है।

गुप्ता ने एक बयान में कहा कि ‘‘यह सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा सत्ता के दुरुपयोग का अभूतपूर्व और पूरी तरह से अनुचित मामला है।’’

गुप्ता ने इसे ‘‘लोकतांत्रिक मूल्यों की अवहेलना करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की द्वेषपूर्ण राजनीति का प्रमुख उदाहरण' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से उन्होंने उनके फर्जी शिक्षा मॉडल का पर्दाफाश किया है, पूरी आप ‘मशीनरी’ ने उनकी आवाज बंद करने की साजिश रची।

विधायक ने कहा कि वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और लोकसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और उन्हें दिल्ली में आप सरकार द्वारा ''लोकतंत्र की हत्या'' के षड्यंत्र से अवगत कराएंगे।










संबंधित समाचार