बेंगलुरु पुलिस ने भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की

डीएन ब्यूरो

कर्नाटक पुलिस ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कथित रूप से मजाक उड़ाते हुए पोस्ट किए गए एक वीडियो से ‘समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने’ तथा ‘लोगों को उकसाने’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली में भाजपा नेताओं ने इस कदम को सत्ता का दुरूपयोग बताया।

प्राथमिकी दर्ज (फाइल)
प्राथमिकी दर्ज (फाइल)


बेंगलुरु: कर्नाटक पुलिस ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कथित रूप से मजाक उड़ाते हुए पोस्ट किए गए एक वीडियो से ‘समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने’ तथा ‘लोगों को उकसाने’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली में भाजपा नेताओं ने इस कदम को सत्ता का दुरूपयोग बताया।

कांग्रेस के एक नेता की शिकायत पर अमित मालवीय के खिलाफ यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

कांग्रेस नेता का आरोप है कि मालवीय ने कांग्रेस और राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर वैमनस्य को बढ़ावा दिया और लोगों को उकसाने का काम किया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मालवीय द्वारा किए गए एक ट्वीट के सिलसिले में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सदस्य रमेश बाबू ने यह शिकायत दर्ज कराई थी। ट्वीट के साथ साझा किए गए एक एनीमेटेड वीडियो में कथित रूप से राहुल गांधी और कांग्रेस को खराब तरीके से दर्शाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, मालवीय ने वीडियो ट्वीट करते हुए साथ में लिखा, ‘‘राहुल गांधी खतरनाक हैं और वे कपटपूर्ण खेल, खेल रहे हैं तथा सैम पी जैसे लोग अधिक खतरनाक हैं जो ‘रागा’ का राग अलाप रहे हैं। वे भारत के कट्टर विरोधी हैं, वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शर्मिंदा करने के लिए विदेशों में भारत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।’’

प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद, मालवीय ने उसी ट्वीट को एक कैप्शन के साथ फिर से पोस्ट किया, ‘‘राहुल गांधी विदेशी ताक़तों का मोहरा?’’

पुलिस ने बताया कि मालवीय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 153 (ए), 120 (बी), 505 (2) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और ‘सद्भाव बनाए रखने के लिहाज से हानिकारक कार्य करने’ और साजिश से संबंधित है।

मालवीय के विरूद्ध की गयी कार्रवाई पर भाजपा ने आरोप लगाया कि यह ‘सच्चाई को दबाने’ के लिए सत्ता का दुरूपयोग है।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि उनकी पार्टी को पता है कि ‘ राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के सिलसिले में भाजपा द्वारा अपनाये गये रूख के सिलसिले में प्राथमिकी की गयी है।’’

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने ‘एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि उसे सत्ता मिल जाती है तो वह सच्चाई को दबाने के लिए किस हद तक जा सकता है।’’

उन्होंने एक बार फिर अपनी पार्टी का यह आरोप दोहराया कि संदिग्ध विश्वसनीयता वाले लोगों के साथ राहुल गांधी ने अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान साठगांठ की और उनमें भारत की लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गयी सरकार को ‘अस्थिर’ करने को इच्छुक अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस की करीब भी हैं।

बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट किया, ‘‘श्री अमित मालवीय के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी राजनीति से प्रेरित है। स्पष्ट है।’’

सूर्या ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के खिलाफ उनके कथित बयान के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उपरोक्त दोनों धाराएं समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित हैं। तो, राहुल गांधी क्या हैं? एक व्यक्ति या एक समूह या एक वर्ग? हम इसे अदालत में चुनौती देंगे और न्याय सुनिश्चित करेंगे।’’

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस की आलोचना करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी कुछ नहीं बल्कि चुप कराने एवं धमकाने के लिए कानून के प्रावधानों का दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल है।’’

उन्होंने कहा कि, ‘‘ बेहतर होता, यदि राहुल गांधी किसी ट्वीट से इतना आहत हुए तो वह अदालत में मानहानि का मुकदमा दर्ज करा सकते थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ दुश्मनी निभाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल करना बस यही दर्शाता है कि कांग्रेस का अपना संचार एवं सोशल मीडिया काफी हद तक अक्षम है इसलिए उसे लड़ाई लड़ने के लिए राज्य पुलिस की जरूरत है। दयनीय। अदालत में मिलते हैं।’’

शिकायत दर्ज कराने के लिए 19 जून को बाबू के साथ गए कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियंक खरगे ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि जब भी भाजपा को कानून का दंश झेलना पड़ता है तो वह हायतौबा मचाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (भाजपा को) देश के कानून का पालन करने से समस्या है और उन्हें संविधान से समस्या है। और अगर हम कानून या संविधान लागू करते हैं तो उन्हें इससे भी समस्या है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियंक ने कहा, ‘‘मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी का कौन सा हिस्सा गलत इरादे से दर्ज किया गया है? वीडियो का निर्माता कौन है? वीडियो फैलाने वाला कौन है? सोशल मीडिया पर इसे कौन फैला रहा है? यह झूठ कौन फैला रहा है? मैंने कर्नाटक के लोगों से वादा किया है कि फर्जी खबरों (फेक न्यूज) पर लगाम लगाई जाएगी।’’

 










संबंधित समाचार