अरविंद केजरीवाल को होना चाहिए PM कैंडिडेट, AAP ने उठाई मांग

आम आदमी पार्टी (आप) के दो नेताओं ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में अरविंद केजरीवाल के नाम की पैरवी करते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने ऐसा मॉडल दिया है जिससे पूरे देश को लाभ मिल सकता है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 30 August 2023, 4:51 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के दो नेताओं ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में अरविंद केजरीवाल के नाम की पैरवी करते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने ऐसा मॉडल दिया है जिससे पूरे देश को लाभ मिल सकता है।

इसके कुछ घंटों बाद दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने स्पष्ट किया कि केजरीवाल को प्रधानमंत्री पद की आकांक्षा नहीं है।

ये टिप्पणियां विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की मुंबई में होने वाली बैठक से पहले आयी हैं जिसमें विपक्षी नेताओं के 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए संयुक्त प्रचार रणनीति तथा अपने सदस्यों के बीच मतभेदों को हल करने पर चर्चा करने की संभावना है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार यह पूछे जाने पर कि ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार किसे होना चाहिए, इस पर ‘आप’ की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने  कहा, ‘‘एक प्रवक्ता के तौर पर मैं हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नाम का प्रस्ताव रखना चाहूंगी।’’

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हमेशा लोगों के मुद्दे उठाए हैं और ‘‘ऐसा मॉडल दिया है’’ जिससे दिल्ली में न्यूनतम महंगाई बढ़ी है।

‘आप’ की मुख्य प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उन्होंने ऐसा मॉडल दिया है जिससे लोगों को फायदा मिला है। मैं चाहूंगी कि ऐसा हो, लेकिन फैसला मेरे हाथ में नहीं है।’’

जब आप के दिल्ली संयोजक और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘हर पार्टी चाहती है कि उसका नेता प्रधानमंत्री बने। आप सदस्य भी चाहते हैं कि उनके राष्ट्रीय संयोजक प्रधानमंत्री बनें। ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी सदस्य बैठक करेंगे और जो भी फैसला होगा, हम उसके अनुसार आगे बढ़ेंगे।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या ‘आप’ प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए केजरीवाल के नाम का प्रस्ताव रखेगी, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘नाम देने जैसा कुछ नहीं है। हम उसका हिस्सा हैं, अरविंद केजरीवाल गठबंधन का हिस्सा हैं।’’

बहरहाल, आतिशी ने कहा कि केजरीवाल प्रधानमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं।

कक्कड़ की टिप्पणियों पर एक सवाल के जवाब में दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा, ‘‘मैं आधिकारिक रूप से कह रही हूं कि अरविंद केजरीवाल देश का प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में नहीं हैं।’’

आतिशी ने कक्कड़ की टिप्पणियों को उनके निजी विचार बताते हुए कहा, ‘‘वह संविधान, लोकतंत्र और देश की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल हुए हैं।’’

पिछले साल ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में केजरीवाल की पैरवी की थी।

उन्होंने कहा था, ‘‘ ‘एक मौका केजरीवाल को’, यह राष्ट्रीय स्तर की चर्चा का विषय बन गया है।’’

सिसोदिया ने कहा था, ‘‘लोग केजरीवाल को 2024 में नरेन्द्र मोदी के विकल्प के रूप में देखते हैं क्योंकि वह स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की बात करते हैं।’’

Published : 
  • 30 August 2023, 4:51 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement