हिंदी
फतेहपुर: जिले के असोथर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से हल लेकर आ रहा युवक नीचे लटक रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास खेत में काम कर रहे किसानों ने परिजनों को सूचना दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मौके पर पहुंचे परिजनों ने निजी साधन से पीएचसी असोथर अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां पर घायल का इलाज चल रहा है।
खेत से वापस आते हुए आया चपट में
घायल युवक के भाई नवाब सिंह ने बताया कि खेत से जुताई करने के बाद छोटा भाई हल लेकर वापस आ रहा था। नीचे लटक रहे हाईटेंशन लाइन से करंट लगने के कारण गंभीर घायल हुआ है। इससे पहले भी कई घटनाएं इसी जगह हो चुकीं हैं। जिसकी शिकायत भी बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई थी। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने तार को न ही टाइट करवाया और न ही बींच में कोई पोल लगवाया। अगर बिजली विभाग के अधिकारी समय से तार सही करवाए होते तो आज यह घटना न होती। बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। जिसके जिम्मेदार बिजली विभाग के अधिकारी हैं। थाने में लिखित शिकायती पत्र दिया है।
अस्पताल में इलाज जारी
थाना क्षेत्र के कौंडर गांव निवासी नवाब सिंह का छोटा भाई निरंजन सिंह पुत्र रामसिंह 15 अगस्त को अपने खेत से हल लेकर आ रहा था। तभी 11 हजार लाइन की चपेट में आने के कारण करंट लगने से गंभीर घायल हो गया। जिसको परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है और स्थानीय थाने में विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायती पत्र दिया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि परिजनों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Published : 18 August 2024, 9:33 AM IST
Topics : Fatehpur High Tension Line hospitalised injured youth अस्पताल घायल फतेहपुर युवक हाईटेंशन लाइन