हिंदी
बाराबंकी: बाराबंकी की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने प्रयागराज में वकील समेत तीन तस्करों को पकड़ा। इनके पास से एक कुंतल तीन किलो अवैध गांजा और ढाई सौ किलो भांग बरामद हुई। साथ ही दो वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी दस्तावेज भी जब्त किए गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के झोखरी के पास वामस डिजिटल लाइब्रेरी के पास यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में प्रभाकर उपाध्याय (36) निवासी करीमुद्दीन थाना नवाबगंज, मनीष कुमार मिश्रा उर्फ पिंटू (42) निवासी जूधापुर बिहार थाना होलागढ़ और सत्यदेव मिश्रा उर्फ पिंटू मिश्रा (47) निवासी बरई हरख थाना होलागढ़ शामिल हैं।
टीम ने इनके कब्जे से 103.5 किलोग्राम अवैध गांजा (अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 51.75 लाख रुपये) और 250 किलोग्राम भांग बरामद की। यह पूरी कार्रवाई एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में बाराबंकी टीम ने अंजाम दी। पूछताछ में मनीष मिश्रा ने बताया कि उसके पिता के नाम भांग का ठेका है और वह प्रयागराज जिला न्यायालय में वकालत करते हैं। इसी ठेके की आड़ में तीनों मिलकर गांजा और भांग की तस्करी करते थे। तस्करी के लिए खास तरह के डिजाइन किए गए वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था और मुनाफे का पैसा आपस में बांट लिया जाता था।
आरोपियों का तस्करी का लंबा इतिहास रहा है और प्रयागराज और मिर्जापुर में भी उनके खिलाफ मामले दर्ज हैं। बरामद सामान में एक स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और नकदी शामिल है। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है।
Published : 22 March 2025, 1:12 PM IST
Topics : Barabanki barabanki crime news barabanki news Barabanki Todays News Barabanki Trending News Dynamite News hindi UP Crime News UP News