दबंगई के मामले में पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर-साले गिरफ्तार, जाने क्या है मामला

मुंबई के भायखला में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर और साले समेत कई रिश्तेदारों पर युवक से मारपीट का आरोप है। पुलिस ने CCTV के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 21 April 2026, 1:15 PM IST

Mumbai: मुंबई के भायखला इलाके में एक छोटी सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर और साले समेत कई रिश्तेदारों पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पानी गिरने से शुरू हुआ झगड़ा

घटना की शुरुआत उस समय हुई जब पीड़ित यूसुफ आसीफ खान अपनी कार से गुजर रहे थे। सड़क पर जमा पानी कार के टायर से उछलकर आरोपी शोएब पठान पर गिर गया। इसी बात से नाराज होकर शोएब ने विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया।

बांस के डंडों और बैट से हमला

आरोप है कि शोएब पठान, खालिद पठान और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर पीड़ित पर बांस के डंडों और बेसबॉल बैट से हमला किया। इस हमले में यूसुफ खान को गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की कार का शीशा भी तोड़ दिया।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मारपीट की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की। वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

उल्टा चोर कोतवाल को डांटे! बेशर्मी पर उतरे यूसुफ, मांफी मांगने के बजाए इस खिलाड़ी पर कसा तंज

शिकायत करने जा रहे थे पीड़ित

एफआईआर के अनुसार जब पीड़ित अपने भाई और मामा के साथ शिकायत दर्ज कराने जा रहा था तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद फिर से उन पर हमला किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

भायखला पुलिस ने की गिरफ्तारी

इस पूरे मामले में भायखला पुलिस ने केस दर्ज कर Yusuf Pathan के ससुर खालिद पठान और साले शोएब पठान सहित अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है जिनमें मारपीट, चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। इससे साफ है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

Anmolpreet Singh ने ठोका तूफानी शतक, Yusuf Pathan का 15 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त

18 अप्रैल की रात की घटना

यह घटना 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे माझगांव के हीराबाई कंपाउंड के पास हुई। शिकायतकर्ता ने शोएब पठान, शहबाज पठान और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आगे भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है। CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है।

Location :  Mumbai

Published :  21 April 2026, 1:15 PM IST